
रिपोर्ट
कार्यक्रम: भलु लगद फीलगुड फल वाटिका शुभारम्भ
स्थान: ग्राम बजिंगा, भिलंगना घाटी, जनपद टिहरी गढ़वाल
दिनांक: 23-03-2026 एवं 24-03-2026

दिनांक 23-03-2026 को भलु लगद फीलगुड और बाल पंचायत बजिंगा के तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत हमारी टीम ग्राम बजिंगा, भिलंगना घाटी (टिहरी गढ़वाल) पहुँची। इस यात्रा में सुधीर कुमार सुंदरियाल, विजय भूषण बडोनी, श्रीमती लता भूषण बडोनी, दिव्या बुड़ाकोटी डोभाल एवं अनीता रावत सम्मिलित रहे।
गाँव पहुँचते ही बाल पंचायत बजिंगा के बच्चों द्वारा सभी अतिथियों का अत्यंत उत्साह एवं गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया, जिससे पूरे वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। बच्चों की सक्रिय भागीदारी इस कार्यक्रम की विशेषता रही। रात्रि सभी सदस्यों का रात्रि विश्राम दीपक मैठाणी के आवास पर हुआ, जहाँ स्थानीय लोगों द्वारा आत्मीय आतिथ्य प्रदान किया गया।
दिनांक 24-03-2026 को प्रातः नाश्ते के उपरांत टीम भलु लगद, “फीलगुड फल वाटिका”के शुभारम्भ हेतु शिवराम मैठाणी के घर “चाखुला” पहुँची। वहाँ उनके बगीचे में रिबन काटकर एवं पौधारोपण कर “फीलगुड फल वाटिका” का विधिवत शुभारम्भ किया गया।
यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण, पोषण सुरक्षा एवं ग्रामीण स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में आयोजित किया गया। इस अवसर पर आयोजित “एक पहाड़ी ऐसा भी” सत्र में बाल पंचायत बजिंगा के बच्चों द्वारा सुधीर कुमार सुंदरियाल के जीवन के विभिन्न पहलुओं को प्रस्तुत किया गया। इस सत्र के माध्यम से उपस्थित लोगों को उनके संघर्ष, कार्यों एवं समाज के प्रति उनके योगदान के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त हुई। साथ ही इस फल वाटिका के निर्माण के उद्देश्य तथा इसमें किस प्रकार कार्य किया जाएगा, इस पर भी विस्तार से समझाया गया, जिससे स्थानीय लोगों को इस पहल से जुड़ने और इसे आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिली।
इसी दौरान बच्चों द्वारा “सुधीर संवाद” का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने सुधीर कुमार सुंदरियाल से संवाद स्थापित कर उनके अनुभवों और विचारों को जाना। यह संवाद बच्चों के लिए प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक रहा। साथ ही श्रीमती लता भूषण बडोनी द्वारा एक सुंदर गीत प्रस्तुत किया गया, जिसने कार्यक्रम के वातावरण को और भी आनंदमय बना दिया।
इस अवसर पर दीपक मैठाणी, दुर्गेश नौटियाल, प्रीतम सिंह राणा (रा.इ.का. धोपड़धार), गुरू जी राजेन्द्र सिंह चौहान, सौरभ भट्ट (उद्यान विभाग), उत्तम जुगतवाण (प्रधान, बजिंगा), जसवीर सिंह रौतेला (पूर्व प्रधान), सुरेंद्र सिंह राणा (अध्यापक, प्राथमिक विद्यालय बजिंगा), श्रीमती गुड्डी देवी (पूर्व प्रधान) वॉइस ऑफ़ माउंटेन से रिपोर्टर निकिता, स्नेहलता, बाल पंचायत बजिंगा की अध्यक्ष संतोषी, सोनाक्षी एवं ओमगोपाल राणा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।
इसके साथ ही बाल पंचायत बजिंगा के बच्चे, गाँव की महिला शक्ति, पुरुष वर्ग एवं युवा साथियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के दौरान फलदार पौधों के महत्व, पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव तथा बागवानी के माध्यम से आय बढ़ाने के अवसरों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित लोगों को प्रेरित किया गया कि वे अपने घरों एवं खेतों में फलदार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ अपनी आर्थिक स्थिति को भी सुदृढ़ करें। समापन में यह कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक रहा, जिसमें स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। इस प्रकार की पहलें न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देती हैं, बल्कि ग्रामीण विकास, पोषण सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से समुदाय को जागरूक एवं सशक्त बनाने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
