
पंचक्की रोड स्थित अंबिका विहार के पास हुए सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत के मामले में प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी है। जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत रिपोर्ट तलब की है और विभिन्न विभागों को आवश्यक जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल के आदेश पर नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी को जांच अधिकारी नामित किया गया है। जांच के तहत परिवहन विभाग, पुलिस, यातायात विभाग और लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित एजेंसियों से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों का पूरा विवरण, चालकों की जानकारी, ड्राइविंग लाइसेंस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पंचायतनामा और अन्य अभिलेख मांगे गए हैं। प्रशासन ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के संकलन और जांच के साथ ही दुर्घटना के कारणों और भविष्य में ऐसे हादसों की रोकथाम के उपायों पर भी स्पष्ट आख्या देने को कहा है।

