
पहाड़ का सच देहरादून। शिक्षा निदेशालय में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ हुई मारपीट की घटना को राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष अरुण पांडे एवं महामंत्री शक्ति प्रसाद भट्ट ने दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है।
परिषद के अध्यक्ष अरुण पांडे ने कहा कि घटना का विस्तृत विवरण अभी उपलब्ध नहीं है, इसलिए इस संबंध में विस्तृत टिप्पणी करना संभव नहीं है, लेकिन किसी भी सरकारी कार्यालय में इस प्रकार की घटना अत्यंत अशोभनीय एवं निंदनीय है। उन्होंने कहा कि जब हम विधि के शासन (रूल ऑफ लॉ) के अंतर्गत कार्य कर रहे हैं और सभी कार्यों के लिए स्पष्ट नियम एवं व्यवस्थाएं निर्धारित हैं, तब इस प्रकार की घटनाएं कतई स्वीकार्य नहीं हो सकतीं।
महामंत्री शक्ति प्रसाद भट्ट ने कहा कि सभी पक्षों को संयम एवं मर्यादा का पालन करते हुए स्थापित नियमों एवं व्यवस्थाओं के अंतर्गत ही अपने प्रकरणों का समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संवाद एवं विधिक प्रक्रिया ही किसी भी विवाद के समाधान का उचित माध्यम है।
परिषद के पदाधिकारियों ने शासन एवं प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की है।

