
रामनगर। मंगलवार दोपहर रामनगर शहर में स्कूल से घर लौट रहे चार नाबालिग छात्राओं और एक छात्र को एक अधेड़ व्यक्ति द्वारा बहलाकर साथ ले जाने की कोशिश का मामला सामने आया है। एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ का भी आरोप है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी अनुसार मंगलवार को स्कूल की छुट्टी के बाद चार नाबालिग छात्राएं और एक नाबालिग छात्र अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक अधेड़ व्यक्ति ने उन्हें रोक लिया। आरोपी ने बच्चों से कहा कि उसे उनके परिजनों ने भेजा है और उन्हें उसके साथ चलना होगा। बताया जा रहा है कि व्यक्ति ने बच्चों को अपने साथ ले जाने का प्रयास किया, लेकिन बच्चों को उसकी बातों पर संदेह हुआ।
जब एक छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ अभद्रता की और पकड़ने का प्रयास किया, तो वो घबरा गई जिससे वह मामूली रूप से घायल हो गई। घबराई छात्रा किसी तरह वहां से भागकर अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई।
स्थानीय लोगों की मदद से संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। अभिभावकों में डर का माहौल है और वे स्कूलों के आसपास सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
मामले में सीओ सुमित पांडे ने बताया कि-
पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को अजनबियों से सतर्क रहने की सीख दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।

