
आईजी गढ़वाल ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश
कानून व्यवस्था पर राजधानी के क्षेत्राधिकारियों को सख्त निर्देश,जवाबदेही होगी तय
आपराधिक घटनाओं के लिए चौकी/थाना इंचार्ज व सीओ जिम्मेदार
जवाबदेही में जिला पुलिस प्रमुख का कोई जिक्र नहीं
पहाड़ का सच देहरादून। भारत गैस एजेंसी संचालक अर्जुन शर्मा हत्याकांड में एस के मैमोरियल के डॉ अजय खन्ना समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज़ किया गया है।
उधर, आईजी गढ़वाल ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर पुलिस को सख्त निर्देश दिए हैं कि अपराधी बचने नहीं चाहिए। इसके लिए चौकी/थाना इंचार्ज से लेकर सीओ की जिम्मेदारी तय की गई है। जिला पुलिस प्रमुख की जवाबदेही के बारे में कुछ नहीं कहा गया।
देहरादून: दिन दहाड़े युवक की हत्या से दहला तिब्बती मार्केट, कानून व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
थाना डालनवाला क्षेत्रान्तर्गत तिब्बती मार्केट के पास बुधवार को एक व्यापारी की सरेआम हत्या के बाद पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल राजीव स्वरूप ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया।
पुलिस महानिरीक्षक द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून को निर्देशित किया कि घटना में संलिप्त आरोपियों की शीघ्र पहचान सुनिश्चित करते हुए विशेष टीमों का गठन किया जाए तथा गिरफ्तारी के लिए सभी आवश्यक विधिक, तकनीकी एवं सर्विलांस संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों को अतिशीघ्र गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतुa ठोस रणनीति तैयार की जाए।
आईजी ऑफिस की जानकारी के अनुसार उक्त संवेदनशील घटना के दृष्टिगत परिक्षेत्रीय कार्यालय में जनपद देहरादून के समस्त क्षेत्राधिकारियों (सीओ) की बैठक में हाल के दिनों में घटित आपराधिक घटनाओं की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित खुलासे एवं प्रभावी रोकथाम के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से भ्रमणशील रहेंगे तथा पुलिस बल की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे। वे अधीनस्थ थाना एवं चौकी प्रभारियों को नियमित रूप से ब्रीफ करते हुए कानून व्यवस्था के प्रति सजग बनाए रखेंगे।
ऐसे विवादित मामलों, जिनसे शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका हो, उन्हें प्राथमिकता पर लेते हुए उनका निस्तारण क्षेत्राधिकारी अपने निकट पर्यवेक्षण में कराना सुनिश्चित करेंगे।
समस्त क्षेत्राधिकारी संदिग्ध व्यक्तियों की धरपकड़ के लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाएं तथा रूटीन चेकिंग के साथ विभिन्न स्थानों पर आकस्मिक (रैंडम) चेकिंग भी की जाए, जिससे आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो सके। आपसी रंजिश, भूमि विवाद अथवा अन्य संवेदनशील मामलों में समय रहते निरोधात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
सोशल मीडिया के माध्यम से प्रकाश में आने वाले मामलों में विलंब न करते हुए तत्काल संज्ञान लेकर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को सुदृढ़ करते हुए अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाएगा।
क्षेत्राधिकारी समय-समय पर अपने क्षेत्र के बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करें तथा विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर सुरक्षा एवं साइबर अपराध संबंधी जानकारी प्रदान करें।
किसी भी क्षेत्र में इस प्रकार की आपराधिक घटनाओं की पुनरावृत्ति होने पर संबंधित थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी के साथ-साथ संबंधित क्षेत्राधिकारी की जवाबदेही भी निर्धारित की जाएगी।
उन्होंने सभी अधिकारियों को कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, आमजन में सुरक्षा की भावना स्थापित करने तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु पूर्ण सतर्कता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
मृतक की पत्नी ने अपनी सास सहित तीन को किया आरोपित, शक के आधार पर डॉक्टर समेत तीन पर मुकदमा दर्ज
मृतक अर्जुन शर्मा की पत्नी श्रीमती अभिलाषा शर्मा निवासी: 41/1 बसन्त विहार देहरादून का कहना है कि उसकी सास बीना शर्मा का 01: विनोद उनियाल, 02: श्रीमती संगीता उनियाल पत्नी विनोद उनियाल, 03: डॉ0 अजय खन्ना, एस०के० मैमोरियल हास्पिटल के साथ पैसों के लेने देन होने के कारण उनके पति अर्जुन शर्मा द्वारा इस बात का विरोध करने पर उनका अपनी माता जी के साथ विवाद चल रहा था। .इस सम्बन्ध में उनका न्यायालय में भी वाद के लम्बित होने तथा उक्त विवाद के चलते उक्त सभी व्यक्तियों द्वारा अभिलाषा शर्मा के पति की हत्या कराये जाने का शक होने के सम्बन्ध में दिये गये प्रार्थना पत्र के आधार पर कोतवाली डालनवाला पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
घटना की संवेदनशीलता के दृष्टिगत अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु एसएसपी देहरादून द्वारा दिये गये निर्देशों पर तत्काल अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है, साथ ही सम्पूर्ण जनपद में पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही सीसीटीवी कैमरो व सर्विलांस के माध्यम से भी घटना में शामिल अभियुक्तों के संबंध में जानकारी प्राप्त की जा रही है।

