
पहाड़ का सच/एजेंसी
मुंबई। मुंबई में हुए एक कार्यक्रम के दौरान मोहन भागवत ने कहा कि”बांग्लादेश में अब भी 1.25 करोड़ हिंदू हैं। अगर वे एकजुट हो जाएं, तो वहां की राजनीतिक व्यवस्था का इस्तेमाल अपने फ़ायदे के लिए, अपनी सुरक्षा के लिए कर सकते हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें एकजुट होना होगा। ख़ुशी की बात यह है कि इस बार उन्होंने तय किया कि वे भागेंगे नहीं, वहीं रहेंगे और लड़ेंगे। अब अगर वे लड़ने जा रहे हैं, तो एकता ज़रूरी होगी। जितनी जल्दी वे एकजुट होंगे, उतना बेहतर होगा. “
उन्होंने कहा, “बांग्लादेश में मौजूदा हिंदुओं की संख्या के साथ वे अपनी स्थिति में काफ़ी सुधार कर सकते हैं। इसमें, हम यहां अपनी सीमाओं के भीतर रहकर, और दुनिया भर के हिंदू अपने-अपने स्थानों से, उनके लिए जो कुछ भी कर सकते हैं, करेंगे. मैं आपको इसकी गारंटी दे सकता हूं। “लेकिन इसके लिए वहां समाज के अंदर एक बल खड़ा होना होगा,” साथ ही उन्होंने कहा कि इसका मक़सद ‘समाज में सजगता और सुरक्षा की तैयारी’ है, जिसके लिए सिविल डिफ़ेंस का कोर्स भी चलता है
भागवत ने कहा, “संघ कार्यकर्ता भाषा के माध्यम से संदिग्ध घुसपैठियों की पहचान करते हैं और अधिकारियों को इसकी सूचना देते हैं.” हालांकि उन्होंने ये नहीं बताया कि कौन सी भाषा। उन्होंने कहा कि पहचान और निर्वासन की प्रक्रिया धीरे-धीरे शुरू हो गई है और इसमें तेजी आएगी। उन्होंने विशेष गहन मतदाता सूची संशोधन अभियान (एसआईआर) का हवाला दिया, जिसके तहत कुछ व्यक्तियों की पहचान की गई और मतदाता सूची से उनका नाम हटा दिया गया।
उन्होंने जनसंख्या असंतुलन के तीन मुख्य कारण बताए- धर्मांतरण, घुसपैठ और कम जन्म दर, और इसी के साथ ‘तीन बच्चे पैदा करने’ की बात कही। हालांकि इसे निजी पसंद का मामला भी बताया।

