
देहरादून। एक सप्ताह के भीतर देहरादून शहर, ऋषिकेश और विकासनगर में हुई तीन महिलाओं की हत्या और कोटद्वार प्रकरण का जिक्र करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। और सरकार से इस्तीफे की मांग की है।

उन्होंने कहा कि एक हफ्ते के भीतर तीन महिलाओं के खिलाफ हुई वारदातें जग जाहिर हैं। इससे लगता है कि अब प्रदेश सरकार का कानून व्यवस्था पर कोई नियंत्रण नहीं रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री धामी जमीनों को खुर्द बुर्द करने, नदियों में गड्ढे बनाने, एक शराब की दुकान के बदले चार शराब की दुकानें देने और अपने राजनीतिक विरोधियों को समाप्त करने की कार्य योजना बनाने में व्यस्त हैं। इसके अलावा प्रदेश के लिए उनके पास कोई विजन नहीं रह गया है।
उन्होंने कहा कि अब वर्तमान सरकार पर जनता का विश्वास बिल्कुल नहीं रह गया है। प्रदेश की सरकार यहां की जनता का विश्वास पूरी तरह से खो चुकी है। उन्होंने पौड़ी जिले के कोटद्वार क्षेत्र में कपड़े की दुकान से बाबा शब्द को हटाये जाने के विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि एक तरफ राज्य में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की चेष्टा की जा रही है, दूसरी तरफ कोटद्वार के दो युवा इंसानियत को बचाने के लिए सामने आए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि क्या अराजक तत्वों को कोटद्वार भेज कर उत्तराखंड का भला हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश का कुछ भला होने नहीं जा रहा है, बल्कि जनता अब यह जान चुकी है कि सत्ता में बने रहने के लिए यह किसी भी हद तक जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है, इसलिए राज्य सरकार में अगर जरा सी भी नैतिकता बची हो तो पूरी सरकार को इस्तीफा दे देना, ताकि नए चुनाव हो सके।
