
– राज्य की कानून व्यवस्था ध्वस्त, अपराधियों के हौसले बुलंदः गणेश गोदियाल

– पांच दिन के भीतर तीन महिलाओं की हत्या के बाद भी नहीं जागी पुलिस, सरकार भी मौन: यशपाल आर्य
देहरादून। राजधानी दून के मच्छी बाजार में दिनदहाड़े युवती की हत्या की घटना से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था को पूरी तरह से ध्वस्त बताया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार देहरादून के मुख्य बाजार में युवती की गला काट कर हत्या की गई, उससे प्रदेश की ध्वस्त पड़ी कानून व्यवस्था की पोल खुल गई है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि इस घटना से साबित हो गया है कि राज्य की कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो चुकी है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। जिस तरह राजधानी देहरादून के मच्छी बाजार जैसे व्यस्तम इलाके में दिनदहाड़े युवती की गला काट कर हत्या की घटना को अंजाम दिया गया, उसने बीजेपी के जंगलराज की पोल खोल कर रख दी है।
उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर हत्या की घटना को अंजाम दिया गया, उससे कुछ ही दूरी पर राजधानी की मुख्य कोतवाली स्थित है। इसके अलावा मुख्य बाजार में चौबीसों घंटे भीड़ भाड़ रहती है, लेकिन पुलिस आम जनता की सुरक्षा के प्रति असंवेदनशील बनी हुई है। कांग्रेस का कहना है कि महिला सुरक्षा का मामला हो या फिर आम आदमी की जानमाल की सुरक्षा का मसला. पुलिस हर क्षेत्र में विफल रही है। अपराधी अपराध करके साफ बच निकल रहे हैं और पुलिस जनता की आंख में धूल झोंकने का काम कर रही है।
इसी तरह पहले अंकिता भंडारी हत्याकांड की गुत्थी पूरी तरह सुलझाने और वीआईपी का खुलासा करने में भी पुलिस अभी तक नाकाम रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इससे ये भी साबित हो चुका है कि पुलिस की ओर से कहीं न कहीं अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है।
बताते चलें कि 2 फरवरी को देहरादून के मच्छी बाजार में 23 साल की गुंजन की एक सिरफिरे युवक आकाश ने कुमार ने चापड़ से गला काट दिया था। आरोपी आकाश ने युवती का गला इतनी बेरहमी से काटा कि वो नीचे गिर गई। जिससे खून की धार बहने लगी। आनन-फानन में उसे दून अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गुंजन को मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार गुंजन और आकाश की पिछले 2 साल से जान-पहचान थी। गुंजन पिछले 5 से 6 सालों से मच्छी बाजार के दूल्हा कपड़ा मार्केट में एक शॉप पर काम करती थी। कुछ समय पहले ही आकाश की शादी हुई थी। आकाश की शादी होने पर गुंजन ने उससे मिलना-जुलना बंद कर दिया, साथ ही आकाश से बातचीत भी बंद कर दी। आकाश पिछले काफी दिनों से गुंजन का पीछा कर रहा था। इसको लेकर कुछ दिन पहले दोनों में बहस भी हुई थी।
बताया जा रहा है कि आरोपी आकाश ने कुछ दिन पहले गुंजन को धमकी भी दी थी। जिस पर गुंजन ने खुड़बुड़ा चौकी में शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने मामले को हल्के में लिया, जिसके चलते उसके हौंसले बुलंद हो गए। और उसने सरेआम गुंजन की हत्या कर दी।

प्रदेश की राजधानी में कानून व्यवस्था के ये हाल हैं तो राज्य के अन्य हिस्सों का भगवान ही मालिक होगा – यशपाल आर्य
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने आरोप लगाए कि उत्तराखण्ड में महिलाओं की खुलेआम हत्या हो रही है और पुलिस तमाशा देख रही है। उन्होंने कहा कि राजधानी देहरादून में पांच दिनों के भीतर तीन लड़कियों या महिलाओं की नृशंस हत्या हुई है। प्रदेश की राजधानी में कानून व्यवस्था के ये हाल हैं तो राज्य के अन्य हिस्सों का भगवान ही मालिक होगा।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि चार दिन पहले देहरादून के विकासनगर में 12 वीं कक्षा में पढ़ने वाली बालिका को सुरेंद्र नाम के व्यक्ति ने निर्दयता पूर्वक दरांती से काटा। फिर ऋषिकेश में एक युवती की भाजपा नेता सुरेश अग्रवाल ने गोली मारकर हत्या कर दी। आर्य ने आरोप लगाया कि सोमवार को देहरादून कोतवाली से कुछ दूर दिन दहाड़े गुंजन नाम की युवती को आकाश ने चापड़ से काटकर मार डाला। उन्होंने
आरोप लगाया कि सरकार ने पुलिस को लूट का साधन बनाया है। खुलेआम जिले और थाने नीलाम हो रहे हैं। अच्छे अधिकारियों को ठंडे बस्ते में डाल है और लूट विशेषज्ञों को जिलों की कमान दी है। .नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि देहरादून, हरिद्वार और उधम सिंह नगर में जघन्य हत्याओं, लूटों और जघन्य अपराधों के बाद भी जिला पुलिस के जिम्मेदार अधिकारियों को यथावत बनाए रखा है। ये अयोग्य अधिकारी अपराधों के होने के बाद भी जिलों में टिके रहने को अपनी विशेष योग्यता मान कर कर्तव्यों से विमुख हो रहे हैं। आर्य ने कहा कि यही हाल रहे तो उत्तराखण्ड देवभूमि के बदले अपराध भूमि के नाम से जानी जाएगी।
