
– कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल, पूर्व अध्यक्ष माहरा सहित अन्य पदाधिकारी पहुंचे धराली

उत्तरकाशी। उत्तराखंड कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि आपदा के पांच माह पूर्व बीतने के बाद भी आपदा प्रभावित धराली के जख्म नहीं भर पाए हैं। उन्होंने कहा कि लोगों के पारंपरिक घरों को कच्चा बताकर मुआवजा नहीं दिया जा रहा है
गोदियाल ने कहा कि सरकार में बैठे कर्नल अजय कोठियाल ने ही सरकार के आंकड़ों की पोल खोल दी है तो उसमें सरकार के दबाव में कर्नल अपनी बात से पलट रहे हैं। प्रदेश सरकार जिन भवनों को कच्चा बताकर उनका मुआवजा देने से बच रही है। वह यहां की भौगोलिक परिस्थिति के अनुसार पक्के भवन हैं। गोदियाल सहित पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा , जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत और अन्य पूर्व पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को आपदा प्रभावित धराली गांव का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनी। इस दौरान गोदियाल ने कहा कि भाजपा कोठियाल के बयान के बाद अपना बचाव कर रही है तथा विपक्ष पर राजनीति का आरोप लगा रही है, लेकिन जब धराली में आपदा आई थी तो उस समय कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सबसे पहले विषम परिस्थितियों में पैदल ही आपदा प्रभावित क्षेत्र तक पहुंचे थे। उसके बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री हेली सेवा के माध्यम से कई दिनों बाद लोगों के बीच पहुंचे।
सरकार आपदा प्रभावित धराली के जख्मों को नहीं भर पाई
गोदियाल ने कहा कि केंद्र और प्रधानमंत्री ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए आर्थिक पैकेज की बात कही लेकिन आज तक वह पैकेज तो दूर धराली से मलबा नहीं हट पाया है। लोगों के पारंपरिक भवनों को कच्चा भवन बताकर उन्हें मुआवजा नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह आपदा प्रभावित लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है। प्रदेश सरकार अगर जल्द ही आपदा प्रभावित लोगों को उनकी भावनाओं के अनुरूप न्याय नहीं देती है तो उन्हें अलग लड़ाई लड़नी होगी।
