
पहाड़ का सच/एजेंसी।

फिरोजपुर। पंजाब में बड़ी घटना को अंजाम दिया गया है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के एक कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। RSS वर्कर पर उस वक्त हमला किया गया, जब वे अपने घर की ओर जा रहे थे। अज्ञात हमलावर के अटैक में मारे गए RSS कार्यकर्ता की पहचान नवीन अरोड़ा के तौर पर की गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयं संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ नेता बलदेव राज अरोड़ा का बेटा नवीन अरोड़ा शहर के मोची बाजार में मनियारी की दुकान चलाता था। शनिवार रात को वह दुकान बंद कर अपने घर जा रहा था। दो शातिर आए और उस पर गोलियां दाग दीं। नवीन के सिर पर गोली लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद शहर के बाण बाजार की तरफ भाग गए।
गोली की आवाज सुनते ही बाजार में भगदड़ मच गई। संघ के कार्यकर्ता राजेश खुराना ने बताया कि आजादी के समय के आरएसएस नेता रहे दीनानाथ अरोड़ा का नवीन पोता है। मोची बाजार में नवीन मनियारी की दुकान करता था। यूको बैंक के पास आरोपियों ने उसे गोली मार दी। घायल को इलाज के लिए फिरोजपुर के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां डॉक्टरों ने चेकअप के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।