
गोपेश्वर। गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग पर गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना में जल विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता उनकी पत्नी और एक बेटे की मौत हो गई। पोखरी के विशाल पाव गांव से लौटते समय उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, और उसमें आग लग गई, जिससे एक बेटे की जलकर मौत हो गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जल विद्युत निगम लिमिटेड के इन्वेस्टीगेशन एंड प्रोजेक्ट डिविजन के अधिशासी अभियंता अरविंद त्रिपाठी (57) अपने परिवार के साथ देहरादून में रहते हैं। वह पत्नी अनीता त्रिपाठी, बेटों अनंत त्रिपाठी (22) और अंबुज त्रिपाठी (25) के साथ अनीता के मायके, पोखरी के विशाल पाव गांव गए हुए थे। गुरुवार लगभग चार बजे परिवार वापस लौट रहा था, तभी गोपेश्वर-पोखरी रोड पर देवता के समीप कार लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में अरविंद, अनीता और बड़ा बेटा अंबुज कार से छिटक गए, लेकिन छोटा बेटा अनंत त्रिपाठी अगली सीट पर ही फंसा रहा और आग की चपेट में आने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई। कार से छिटके अधिशासी अभियंता अरविंद त्रिपाठी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी अनीता त्रिपाठी ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे में अंबुज त्रिपाठी गंभीर रूप से झुलस गया है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।
एसओ पोखरी देवेंद्र पंत ने बताया कि दुर्घटनास्थल पोखरी थाने से लगभग 35 किलोमीटर दूर था, चमोली थाना पुलिस और सीओ मदन बिष्ट घटनास्थल पर पहुँचे। एसपी चमोली सर्वेश पंवार ने इस दुखद घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि जांच और घायल बेटे के बयान के बाद ही हादसे के कारणों का सही पता चल पाएगा। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से पर्वतीय मार्गों पर वाहन चलाते समय अत्यधिक सावधानी बरतने की अपील की है।

