चमोली। जनपद के नंदानगर में बादल फटने से आई भीषण आपदा के बाद राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। अब तक इस आपदा में लापता हुए 10 लोगों में से एक व्यक्ति को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि सात लोगों के शव बरामद हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री धामी आज चमोली आपदा प्रभावित क्षेत्र नंदानगर पहुंचे, यहां उन्होंने आपदा, राहत बचाव कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। यहां आपदा के हालात का जायजा लेने के दौरान ही वह आपदा प्रभावितों से मिले। इस दौरान अपनी व्यथा सुनाते हुए एक महिला रो पड़ी। सीएम ने आपदा पीडितों के आंसू पोछे। ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिया।
शुक्रवार को फाली लगा कुंतरी क्षेत्र से मलबे से पांच शव और बरामद हुए हैं। अब तक इस आपदा में लापता हुए 10 लोगों में से एक व्यक्ति को सुरक्षित निकाल लिया गया है जबकि सात लोगों के शव बरामद हो चुके हैं। धुर्मा गांव में अभी भी दो लोग लापता हैं जिनकी तलाश जारी है। बरामद किए गए सभी सात शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
आपदा में जान गंवाने वाले लोगों का शुक्रवार को नम आंखों से अंतिम संस्कार किया गया। नंदानगर में नंदाकिनी और चुफला नदी के संगम पर यह प्रक्रिया पूरी की गई जहां सुबह से एक के बाद एक जलती चिताएं देखकर हर किसी की आंखें भर आईं। पूरा क्षेत्र शोक में डूबा हुआ है।