

रामनगर। रामनगर में अवैध मजार बनाने का सिलसिला बंद नहीं हो रहा है। यहां एक बार फिर अवैध मजारों पर प्रशासन ने बुलडोज़र चलाया है। रामनगर के लुटाबड़, शिवलालपुर रियूनिया और चोरपानी क्षेत्र में स्थित तीन अवैध मजारों को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। यह सभी मज़ारे नाप भूमि पर थी। किसानों की आपत्ति और शिकायत के बाद इन्हे जमींदोज कर दिया गया।

प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान उप जिलाधिकारी रामनगर, तहसीलदार, चौकी इंचार्ज पीरुमदारा सहित अन्य राजस्व और पुलिस कर्मी मौजूद रहे। प्रशासन ने अवैध कब्जा हटाकर भूमि को संरक्षित कराने का कदम उठाया है।
बताते चलें कि रामनगर में अब तक 20 से ज्यादा अवैध मजारों पर प्रशासन का बुलडोजर चल चुका है। प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। लोगों का कहना है कि प्रशासन की यह कार्रवाई सही है, क्योंकि अवैध कब्जे से सरकारी भूमि को बचाना जरूरी है। इस कार्रवाई से यह साफ हो गया है कि प्रशासन अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त है और सरकारी भूमि को संरक्षित करने के लिए लगातार कदम उठा रहा है।
बता दें कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देश है कि सरकारी जमीनों पर जहां भी अतिक्रमण और अवैध कब्जा हो रखा है, उसे तत्काल खाली कराए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर बीते काफी समय से अवैध धार्मिक स्थलों समेत अन्य इमारतों पर इस तरह की कार्रवाई हो रही है।