
डॉ. धन सिंह रावत ने विधानसभा परिसर भराड़ीसैंण में किया ध्वजारोहण

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय,पीएचक्यू में डीजीपी दीपम सेठ ने
पहाड़ का सच गैरसैंण/देहरादून।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री एवं चमोली जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित विधानसभा परिसर में ध्वजारोहण किया।
इस अवसर पर मंत्री डॉ. रावत ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के अदम्य साहस और बलिदान को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, एकता और सेवा भावना को दृढ़ करने का अवसर है, जो हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों की याद दिलाता है। कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य एवं नाट्य मंचन जैसी रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया और वातावरण देशभक्ति के उल्लास से सराबोर हो गया।
इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
विकसित भारत के लक्ष्य 2047 को हासिल करने को मेहनत कर रहा है उत्तराखंड: मुख्य सचिव
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने शुक्रवार को भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख सचिव, सचिव, अपर सचिव, सचिवालय प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित बच्चों को राष्ट्रीय पर्व की शुभकामनाएं दी।
मुख्य सचिव ने देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया और कहा कि यह देश उनका ऋणी है। उन्होंने कहा कि यह दिन हमें उन असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान, साहस और समर्पण को याद करने का अवसर देता है, जिन्होंने हमें आज़ादी का अनमोल उपहार दिया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड, विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है, ये केवल संकल्पना नहीं हैं, बल्कि उत्तराखण्ड इस लक्ष्य को हासिल करने के लिये कठोर परिश्रम कर रहा है। उन्होंने कहा कि आप सभी के सहयोग से समृद्ध और सशक्त उत्तराखण्ड की संकल्पना तेजी से साकार हो रही है। उत्तराखण्ड ने विगत वर्षाे में विभिन्न क्षेत्रों में कई महत्त्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की है, जिसके फलस्वरुप हम सशक्त उत्तराखण्ड के लक्ष्यों को प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति और युवा शक्ति की अहम् भागीदारी से हमारा प्रदेश सर्वश्रेष्ठ राज्यों की श्रेणी की ओर अग्रसर है।
मुख्य सचिव ने कहा कि पीएम की अपेक्षा के अनुरूप वर्ष 2047 तक देश को विकसित बनाने के लिए उत्तराखण्ड को मैन्युफैक्चरिंग हब, स्किल हब, आयुष प्रदेश और वैश्विक पर्यटन डेस्टिनेशन बनाने के विजन को साकार करने के लिये हमें कठोर परिश्रम करने की आवश्यकता हैं। पहाड़ी फसलें, मोटे अनाज और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से उत्तराखण्ड की आजीविका को भी बल दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य की प्रगति के लिए यहाँ के छोटे और मझोले किसानों को भी मजबूती देनी आवश्यक है। उन्होंने राज्य के विकास के लिए गर्वनेंस के रिफॉर्म्स और प्रशासनिक सुधारों पर जोर देते हुए इसकी शुरूवात राज्य सचिवालय और जनपदों से ही किए जाने पर जोर दिया। साथ ही, उन्होंने बढ़ती हुई प्राकृतिक आपदाओं के बीच शासन-प्रशासन में कैपेसिटी बिल्डिंग के लिए एक अभियान चलाने की भी आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्य सचिव ने कहा कि ऑन-लाइन अनुश्रवण-मूल्यांकन हेतु राज्य में पीएम गति शक्ति पोर्टल (स्टेट) तैयार कर परियोजनाओं यथा कैपिटल असिस्टेंस योजना, मिसिंग लिंक योजना, डैशबोर्ड, सीएम कॉन्क्लेव पीएमजी, प्रगति, ई-समीक्षा, ई-आंकलन, मुख्यमंत्री घोषणा आदि कार्यक्रमों की समीक्षा एवं मूल्यांकन कार्य सम्पादित किया जा रहा है। आवास विभाग के ऑनलाईन एप्लीकेशन सिस्टम ऐप को प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग, भारत सरकार द्वारा स्टेट बेस्ड सर्विस डिलीवरी प्लेटफार्म के लिये बेस्ट प्रेक्टिस की श्रेणी में नामित किया है। उन्होंने कहा कि वाईब्रेन्ट विलेज कार्यक्रम के तहत सीमावर्ती गांवों के बहुमुखी विकास हेतु केन्द्र सरकार द्वारा राज्य के जनपद उत्तरकाशी, चमोली तथा पिथौरागढ़ के कुल 51 गांवों का चयन किया गया है।
मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य में ‘अपणि सरकार‘ परियोजना के अपणि सरकार पोर्टल को भारत सरकार के प्रशासनिक एवं लोक शिकायत विभाग के फ्रेमवर्क द्वारा देशभर में बेस्ट प्रेक्टिस के रूप में पहचान मिली है। राज्य में जल सरक्षण हेतु स्प्रिंग एवं रिवर रिजुविनेशन ऑथोरिटी का गठन किया गया है, जिसका उद्देश्य राज्य के प्राकृतिक जल स्रोतों एवं नदियों का चिन्हीकरण, जल उत्सर्जन में वृद्धि, मापन एवं अनुश्रवण आदि के माध्यम से सतत उपयोग सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य में हाउस ऑफ हिमालय जैसे ब्रांड को विकसित करने का लक्ष्य रखा है। आज मुझे खुशी है हाउस ऑफ हिमालय और वोकल फॉर लोकल जैसे प्रयासों से ग्रामीण विकास एवं आर्थिक विकास को हासिल करने में राज्य सफल होता हुआ दिख रहा है।
मुख्य सचिव ने कहा कि जैसा कि आप सभी जानते हैं, सचिवालय हमारी प्रशासनिक व्यवस्था का वह केंद्र है, जो न केवल नीतियों को आकार देता है, बल्कि देश और प्रदेश के विकास की दिशा भी निर्धारित करता है। हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता, और समर्पण के साथ करें, ताकि हमारा प्रदेश और समाज प्रगति के पथ पर अग्रसर हो। हमारा कार्य केवल कागजों और फाइलों तक सीमित नहीं है। हमारी नीतियाँ और निर्णय इस प्रदेश के लोगों के जीवन को प्रभावित करते हैं। इसलिए, हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हमारी हर कार्रवाई में जनता का कल्याण सर्वाेपरि हो। उन्होंने कहा कि हमें केंद्र और राज्य सरकार की जनहित एवं राज्यहित की महत्त्वकांक्षी योजनाओं को सफल बनाने के लिए मिलकर काम करना होगा। आज हम एक ऐसे भारत में खड़े हैं, जो न केवल आर्थिक और तकनीकी क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है, बल्कि सामाजिक समावेशन, शिक्षा, और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में भी नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, एल. फैनई, आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिवगण, अपर सचिवगण एवं सचिवालय प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
डीजीपी ने दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ
स्वतंत्रता दिवस-2025 के अवसर पर पुलिस मुख्यालय देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने ध्वजारोहण कर सभी को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। बाद में पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क ’गोल्ड’ एवं पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क ’सिल्वर’ प्रदान कर सभी को बधाई दी।
अपने सम्बोधन में सेठ ने स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर पदक और साम्मान चिन्ह प्राप्त करने वाले समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरे पुलिस परिवार की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष हमारे समक्ष कई महत्वपूर्ण चुनौतियां रहीं, अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था संबंधी प्रकरण, नए आपराधिक कानूनों का क्रियान्वयन, विभिन्न वृहद आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था हेतु टेक्नोलॉजी का प्रयोग, साइबर स्पेस की लगातार मॉनिटरिंग, प्रदेश में प्राकृतिक आपदाओं में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य तथा ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के अंतर्गत प्रभावी कार्यवाही। सभी कार्मिकों के अथक परिश्रम और प्रयास से हमने इन सभी क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ अर्जित की।
उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि भविष्य में भी इसी निष्ठा और साहस के साथ राज्य की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए अपना योगदान देते रहेंगे।इस अवसर पर वीमुरूगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था, ए पी अंशुमान, अपर पुलिस महानिदेशक, प्रशासन / अभिसूचना एवं सुरक्षा सहित समस्त पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उप महानिरीक्षक सहित पुलिस मुख्यालय समस्त अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
देशभक्ति का संकल्प कर्तव्य का सम्मान यही हमारी पहचान : आईजी रिद्धिम अग्रवाल
नैनीताल। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल ने राष्ट्रीय सम्मान के साथ तिरंगा फहराया और पूरे देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई दी। आई जी ने कहा कि देशभक्ति का संकल्प कर्तव्य का सम्मान यही हमारी पहचान है।
उन्होंने उत्कृष्ट सेवा और समर्पण का परिचय देने वाले पदक प्राप्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नाम पढ़कर, उनके अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा को सलाम किया। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में नियुक्त उपनिरीक्षक (एम) पवन बोरा को सेवा के आधार पर पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर पदक से सम्मानित होने पर विशेष बधाई दी।
स्वतंत्रता दिवस पर देहरादून क्लेक्ट्रेट परिसर में छाया देश भक्ति का रंग
डीएम ने जनपद वासियों को दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाए
देहरादून जनपद में 79 वां स्वतंत्रता दिवस बड़े धूमधाम और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। जिलाधिकारी सविन बंसल ने क्लेक्ट्रेट परिसर में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण कर जनपद वासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। सभी विभागों, शिक्षण संस्थाओं, गैर सरकारी कार्यालयों में भी ध्वजारोहण किया गया।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और महापुरुषों को नमन करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि देश को बडे संघर्षाे, प्रयत्नों और बलिदानों के बाद आजादी मिली है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के अमूल्य बलिदान को याद कर हम सबको आजादी के महत्व को समझना चाहिए। जिलाधिकारी ने कहा कि आजादी एक अधिकार के साथ एक दायित्व भी है। सभी लोग पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्मठता के साथ अपने-अपने दायित्वों का पूर्ण मनोयोग से निर्वहन करेंगे और भारत के नवनिर्माण में अपनी अहम भूमिका निभांए।
जिलाधिकारी ने कहा कि हमें राष्ट्र की एकता, अखंडता को बनाए रखते हुए देश के विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ निरंतर काम करना होगा। विकसित राष्ट्रों की भांति हम सभी को देश के प्रति अपनी नैतिक जिम्मेदारियों को समझना चाहिए। देश के अंतिम छोर पर खडे नागरिक तक सरकार की विकासपरक योजनाएं, मूलभूत सुविधाएं, इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास और सोशल सर्विसेज का सुगमता से लाभ पहुंचाना होगा। जिलाधिकारी ने कहा कि आजादी के इस पर्व पर हम सब विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लेकर चलें। ताकि हमारे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सपना पूर्ण हो सके।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशा) जय भारत सिंह, एसडीएम अपूर्वा सिंह सहित क्लेक्ट्रेट परिसर स्थित सभी पटलों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद थे।