पहाड़ का सच/एजेंसी
नई दिल्ली । कतर में आठ भारतीय नौ सेना के पूर्व अधिकारियों को मौत की सजा सुनाए जाने की खबर ने पूरे देश को सन्न कर दिया है। सबसे बड़ी चिंता की बात ये है कि उन पर क्या आरोप लगे हैं, कतर ने अब तक इसे सार्वजनिक नहीं किया है। वैसे, मीडिया रिपोर्ट में ये बातें जरूर आ रहीं हैं कि उन पर जासूसी करने के आरोप लगाए गए हैं। ये सभी अधिकारी पिछले एक साल से कतर की जेल में बंद हैं।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने अपनी पहली प्रतिक्रिया में इस फैसले को दुखद बताया है। मंत्रालय ने कहा कि वे कानूनी जानकारों से इस पर चर्चा कर रहे हैं, जो भी कानूनी मदद उन्हें दी जा सकती है, उन्हें उपलब्ध करवाया जाएगा। सरकार ने आगे कहा कि कानूनी मदद के साथ-साथ इस मुद्दे को राजनयिक स्तर पर भी उठाया जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पिछले साल अगस्त महीने में आठ भारतीयों को कथित तौर पर कतर खुफिया एजेंसी की रिपोर्ट के आधार पर हिरासत में लिया गया था। ये सभी भारतीय अल दाहरा सिक्योरिटी कंपनी में काम करते थे। कंपनी सबमरीन बनाने में अपना योगदान देती थी। सबमरीन किस तरह से किसी भी रडार से बच सकती है, कंपनी इस पर काम कर रही थी।
ऐसा बताया जा रहा है कि इस सूचना को इजराइल तक पहुंचाने के आरोप में कंपनी के प्रमुख और आठ भारतीय अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया था। वैसे, कतर ने औपचारिक रूप से जानकारी नहीं दी है, ये चर्चा मीडिया में चल रही है। कतर ने कंपनी को भी बंद करने के आदेश दिया है. कंपनी में काम करने वाले करीब 70 कर्मचारियों को देश से निर्वासित कर दिया गया।
लोकसभा में कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने इस विषय को उठाया था। फांसी की सजा सुनाए जाने के फैसले पर तिवारी ने कहा कि मैंने बार-बार इस मुद्दे को संसद में उठाया था। लेकिन अब जो हालात हैं, ऐसा लगता है कि इस मुद्दे को खुद पीएम को उठाना चाहिए। शशि थरूर ने भी कहा कि पूरे मामले में सच्चाई क्या है, यह किसी को पता नहीं है। इसलिए बेहतर होगा कि सरकार तुरंत हस्तक्षेप करे और सही जानकारी वहां से प्राप्त करे।
सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाले लेखक सुहैल सेठ ने कहा कि कतर उन देशों में शामिल है, जो अपना काम करवाने के लिए अवांछित तरीके अपनाता रहता है। जैसे उसने फुटबॉल विश्व कप के आयोजन करवाने के लिए रिश्वत की पेशकश की थी। वह खुलकर आतंकी संगठन का साथ देता है। हमास तो इसका ताजा उदाहरण है। अल जजीरा कतर का आधिकारिक टीवी चैनल है और इसके जरिए वह अपना प्रोपेगैंडा भी चलाता है। कतर में अमेरिका का एक नौ सैनिक अड्डा भी है। उसका अमेरिका और ईरान दोनों ही देशों से अच्छ संबंध हैं।