पहाड़ का सच,ऋषिकेश।
ऋषिकेश के लक्ष्मण झूला क्षेत्र में तैराकी के दौरान एक पर्यटक गंगा में बहने लगा। इस दौरान एक राफ्टिंग गाइड ने बमुश्किल पर्यटक का रेस्क्यू कर उसकी जान बचाई। पुलिस ने चेतावनी के लिए कई जगह बोर्ड लगाए हैं। जिसके बाद भी पर्यटक पुलिस की चेतावनी को नजर अंदाज कर रहे हैं।
इन दिनों गर्मी होने की वजह से ग्लेशियर पिघल रहे है। जिस कारण गंगा का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है। लक्ष्मण झूला क्षेत्र में गंगा की गहराई और बहाव का अंदाजा लगाना भी मुश्किल है। पुलिस ने चेतावनी के लिए कई जगह बोर्ड भी लगाए हैं, फिर भी पर्यटक पुलिस की चेतावनी को नजर अंदाज कर गंगा में नहाने और तैराकी करने के लिए पहुंच रहे हैं। जो पर्यटकों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है।
ताजा मामला लक्ष्मण झूला क्षेत्र से सामने आया है। जहां एक पर्यटक तैराकी करने के लिए गंगा में उतर गया। कुछ दूरी तक तैराकी करने के बाद पर्यटक गंगा के तेज बहाव में बहने लगा। हाथ पैर मारते हुए अपनी जान बचाने का प्रयास भी करने लगा। तभी उस पर राफ्टिंग गाइड की नजर पड़ गई और रस्सी डालकर उसका रेस्क्यू शुरू किया। गाइड ने कड़ी मशक्कत के बाद पर्यटक को रेस्क्यू कर अपनी राफ्ट पर चढ़ा लिया। पर्यटक ने कहा कि यदि और कुछ सेकंड की देरी रेस्क्यू में होती तो शायद उसकी जान नहीं बचती।
गंगा में चेतावनी बोर्ड लगाने के बावजूद भी पर्यटक सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। जो उनकी जान पर भारी पड़ जाता है। इस मामले में गाइड सही समय पर पहुंच गया और पर्यटक की जान बचा ली, लेकिन हर समय ऐसा संभव नहीं होता है।