पहाड़ का सच/एजेंसी
इस्लामाबाद। बलूचिस्तान में बढ़ती आजादी की मांग से घबराया पाकिस्तान अब बलोच लोगों पर अपना जुल्म बढ़ा रहा है. ट्विटर पर मौजूद बलोच एक्टिविस्ट साहिर बलोच ने एक ऐसे ही साइको सैनिक की वीडियो पोस्ट की है, जो बलोच लोगों पर गुस्से में फायरिंग करते देखा जा सकता है। वीडियो में उस सैनिक को दूसरा सैनिक रोकने का प्रयास भी कर रहा है। फायरिंग लोगों पर की जा रही है, जो अपनी जान बचाने के लिए यहां वहां भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।
साहिर ने वीडियो साझा कर ट्विटर पर लिखा कि पाकिस्तान ने कब्जे वाले बलूचिस्तान में ऐसे बीमार हत्यारे मनोविकार सैनिकों को तैनात किया है, यह बलूच नागरिकों के जीवन के प्रति पूर्ण उपेक्षा दिखाता है। आगे उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के महासचिव को टैग करते हुए लिखा है कि दुनिया को समझना चाहिए कि वे सांप को दूध पिला रहे हैं। आपको बता दें कि पाकिस्तान से आजाद होने के लिए बलूचिस्तान लंबे समय से संघर्ष करता आया है। राज्य की आजादी के लिए बनी बलोच लिबरेशन आर्मी लगातार पाकिस्तानी सेना से झड़प करती हुई नजर आती है।
बलूचिस्तान में कोहलू जिले के कहन क्षेत्र में एक अभियान के दौरान कई बम विस्फोटों में एक कप्तान सहित पांच पाकिस्तानी सेना के जवान मारे गए। हाल ही में हुए इस हमले की जिम्मेदारी बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ग्रुप ने ली है, जो पाकिस्तान से बलूचिस्तान की आजादी की लड़ाई लड़ रही है।