
पहाड़ का सच, देहरादून

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं मीडिया सलाहकार सुरेन्द्र कुमार ने केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जी के 10 मुख्यमंत्री बदलने, भाजपा सरकार के खनन प्रेम व 70 विधानसभा क्षेत्रों में सरकारी धन से राजनैतिक कार्यक्रमों का आयोजन करने पर घेरा है।
सुरेन्द्र कुमार ने कहा कि केन्द्रीय रक्षा मंत्री का तीन माह में तीन मुख्यमंत्री बदलने के निर्णय का बचाव करने पर यह कहना कि चाहे हम 10 मुख्यमंत्री बदलें इसमें किसी को क्या आपत्ति है, उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे छोटे से राज्य में तीन माह में तीन मुख्यमंत्री बदलना विकास की धारा को अवरूद्ध करना तो है ही तीन मुख्यमंत्री बदलने से भाजपा ने जनादेश का अपमान करने के साथ ही जनता के धन की बर्बादी भी की है। उन्होंने कहा कि यदि केन्द्र सरकार में भी तीन माह में तीन-तीन बार मंत्रिमण्डल बदला जाय तो राजनाथ सिंह जी को कैसा लगेगा। उन्होंने राजनाथ सिंह को यह भी याद दिलाया कि 15 अगस्त 2021 को कैसे रक्षा मंत्री जी को सैनिक शहीद स्मारक पर शहीदों के सम्मान में सैल्यूट करने से रोकने का प्रयास किया गया था।
एक अन्य बयान में कांग्रेस उपाध्यक्ष ने भाजपा की राज्य सरकार को खनन प्रेमी बताते हुए कहा कि राज्य की धामी सरकार खनन माफियाओं के हाथों में खेल रही है। उन्होंने कहा कि मा0 उच्च न्यायालय द्वारा सरकार की खनन नीति पर जिस प्रकार रोक लगाई गई है तथा कोटद्वार में एक भाजपा नेता पर अवैध खनन में लिप्त होने तथा भाजपा के ही नेता द्वारा सरकारी अधिकारी की खनन माफिया के साथ संलिप्तता की स्वीकारोक्ति से स्पष्ट हो गया है कि भाजपा की राज्य सरकार को खनन माफिया चला रहे हैं।
सुरेन्द्र कुमार ने राज्य के 70 विधानसभा क्षेत्रों में सरकारी खजाने से 8 करोड़ 40 लाख रूपये राजनैतिक कार्यक्रमों खर्च करने पर भी सवाल उठाते हुए आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राज्य सरकार अपनी पार्टी के राजनैतिक कार्यक्रमों में सरकारी धन का दुरूपयोग कर रही है। उन्होंने 70 विधानसभा क्षेत्रों में सरकारी धन से राजनैतिक कार्यक्रम करने तथा कार्यक्रमों में सरकारी अधिकारियों का उपयोग करने के लिए राज्य सरकार के अधिकारियों को भी चेताया है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय मे राजनैतिक कार्यक्रमों से सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों को परहेज करना चाहिए जब विधानसभा चुनाव सिर पर हों। एक अन्य वक्तव्य में सुरेन्द्र कुमार ने शिक्षा विभाग में धारा 27 का खुलेआम उलंघन कर ताबड तोड स्थानान्तरण करने पर भी भाजपा सरकार को घेरा है।
उन्होंने कहा कि आचार संहिता लगने से पूर्व ही सरकार में बैठे लोग इस तरह के स्थानान्तरण कर भ्रष्टाचार में लिप्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बडी मात्रा में हो रहे स्थानान्तरणों में धन का भारी लेन-देन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राज्य सरकार द्वारा खनन, आबकारी तथा स्थानान्तण के भ्रष्टाचार से चुनावी फण्ड एकत्र किया जा रहा है।
