
नई टिहरी। जिले के घुत्तू क्षेत्र के पास तड़के एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 4:30 बजे एसडीआरएफ को वाहन के खाई में गिरने की सूचना मिली। टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पिकअप वाहन (UK 07 CD 0854) में दो व्यक्ति और एक खच्चर सवार थे।
रेस्क्यू के दौरान टीम ने घायल पूरन सिंह (55), निवासी ग्राम साथियाला, पट्टी भिलंग, टिहरी गढ़वाल को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा। वहीं चालक बॉबी (28), निवासी खलासी पट्टी पालीगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में खच्चर की भी जान चली गई।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
