Lavc57.107.100

हरिद्वार। जनपद के थाना बहादराबाद क्षेत्र के अलीपुर गांव में शुक्रवार देर रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद बाइक में आग लग गई, जिससे दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, अलीपुर निवासी राहुल (पुत्र रामवीर) और राजकमल (पुत्र राजेंद्र कुमार) एक ही बाइक पर सवार होकर गांव लौट रहे थे। गांव से कुछ दूरी पहले ही उनकी बाइक को किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उसमें तुरंत आग लग गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने जलती हुई बाइक से दोनों युवकों के शवों को अलग किया। हादसे की खबर जैसे ही अलीपुर गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के घरों में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे की सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
