
ऋषिकेश। लक्ष्मण झूला के पास निर्माणाधीन बजरंग सेतु एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। पुल के कांच वाला फुटपाथ दोबारा क्षतिग्रस्त हो गया है। फुटपाथ पर लगे कांच में कई जगह दरारें आ गई हैं, जिसके चलते सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने दोनों ओर से आवाजाही रोक दी है। यह घटना पहली नहीं है, बल्कि इससे पहले भी दो बार इसी तरह कांच टूट चुका है।

बजरंग सेतु पर कांच का बार-बार टूटना अब गंभीर चिंता का विषय बन गया है। पहले भी दो बार फुटपाथ का कांच क्षतिग्रस्त हो चुका है और हर बार निर्माण कंपनी द्वारा इसे बदल दिया गया। लेकिन बार-बार एक ही समस्या सामने आने से अब निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।
इस पुल का निर्माण नरेंद्रनगर लोक निर्माण विभाग द्वारा वर्ष 2022 में शुरू किया गया था। करीब 69.20 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह पुल 132.30 मीटर लंबा और 5 मीटर चौड़ा है। इसके दोनों ओर करीब डेढ़-डेढ़ मीटर चौड़े फुटपाथ बनाए गए हैं, जिनमें 65 मिमी मोटा पारदर्शी कांच लगाया गया है। यह डिजाइन पर्यटकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया था, लेकिन अब यही कांच चिंता का कारण बनता जा रहा है।
इससे पहले 3 जनवरी 2026 को भी पुल के एक सेल्फी प्वाइंट के पास कांच टूट गया था। उस समय भी कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन यह घटना एक चेतावनी के रूप में सामने आई थी। इसके बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए, जिससे अब एक बार फिर वही स्थिति बन गई है।
