
नैनीताल । उत्तराखंड में जगह – जगहों पर शराब की दुकानें खोलने विरोध हो रहा है। नैनीताल जनपद के रातिघाट क्षेत्र में प्रस्तावित शराब की दुकान के खिलाफ महिलाओं का धरना 11वें दिन भी अनवरत जारी है। क्षेत्र की महिलाएं एकजुट होकर आंदोलन चला रही हैं, और अब इसमें बच्चों की सक्रिय भागीदारी से प्रदर्शन और मजबूत हो गया है।धरना स्थल पर पहुंचे बच्चों ने अपने-अपने अंदाज में विरोध जताया।

उन्होंने कहा कि शराब की दुकान से गांव का माहौल खराब होगा और उनका भविष्य खतरे में पड़ जाएगा। बच्चों की इस जागरूकता ने पूरे आंदोलन को नई ताकत दी है। महिलाओं का कहना है कि यह महज एक दुकान का विरोध नहीं, बल्कि परिवार, सम्मान और समाज की सुरक्षा की लड़ाई है। शराब से पारिवारिक कलह बढ़ती है और महिलाओं पर खतरा मंडराता है। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना लिखित आश्वासन के धरना समाप्त नहीं होगा।
धरने को समर्थन देने जिला पंचायत सदस्य यशपाल आर्य और भाजपा कार्यकर्ता हेम आर्य पहुंचे। उन्होंने महिलाओं के संघर्ष को जायज ठहराते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस बीच राज्य दर्जा मंत्री दिनेश आर्य भी मौके पर आए और मांगों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। आबकारी विभाग की टीम ने भी लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन यशपाल आर्य और महिलाओं ने बिना लिखित पत्र के हटने से इनकार कर दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य यशपाल आर्य, भाजपा कार्यकर्ता हेम आर्य, नीमा देवी, बीना देवी, चम्पा देवी, हेमा देवी, पूनम अधिकारी, आशा देवी, धना देवी, नीतू देवी, दुर्गा देवी, सावित्री देवी आदि उपस्थित रहीं। महिलाओं और बच्चों की एकजुटता से यह आंदोलन अब जन आंदोलन का रूप ले चुका है, जो प्रशासन के लिए चुनौती बन गया है।
