
2027 की परीक्षा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मेरिट से पास होना होगा

पार्टी में कोई अंतर्विरोध नहीं, बेतुके बयानबाज नेताओं के कसे पेंच
स्वराज आश्रम में आयोजित सम्मेलन में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने विधानसभा चुनाव को जनता के लिए जंग बताया
पहाड़ का सच हल्द्वानी। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी सैलजा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि व्यक्ति विशेष का नहीं ,कांग्रेस का कार्यकर्ता बनकर काम करें। उन्होंने समय समय पर बेतुके बयान देने वाले नेताओं को भी आगाह किया।
कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि 2027 का चुनाव उत्तराखंड की जनता के लिए जंग की तरह है। यह परीक्षा की घड़ी है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इसे मैरिट से पास करना है। उन्होंने प्रदेश को अपराधियों का अड्डा बताते हुए कहा कि यहां महिलाएं सुरक्षित नहीं है। सरकार कितनी अंकिताओं की कुर्बानी लेगी, राज्य में भाजपा से, जनता का विश्वास उठ चुका है।

सैलजा बृहस्पतिवार को स्वराज आश्रम में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने सरकार पर जनता के साथ धोखाधड़ी करने, भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने, रोजगार के सपने दिखाने का आरोप लगाया। कहा, भाजपा चुनाव आते ही जनता को धर्म के नाम पर बांटने लगती है। संसद में राहुल गांधी की आवाज को दबाया जाता है।
कांग्रेस नेता हरक सिंह ने प्रदेश सरकार की तुलना रावण से की। राष्ट्रीय महासचिव गुरदीप सप्पल ने कहा कि प्रदेश के युवाओं के लिए कांग्रेस की जीत जरूरी है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने डबल इंजन सरकार को उखाड़ने का आह्वान किया। विधायक सुमित हृदयेश ने संगठन की मजबूती पर जोर दिया। सभा को पूर्व विधायक हरीशचंद्र दुर्गापाल, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, गोविंद सिंह कुंजवाल, सतीश नैनवाल ने भी संबोधित किया।
व्यक्ति विशेष के सिपाही बनकर न करें काम
प्रदेश प्रभारी सैलजा ने कहा कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं, सभी को आत्मचिंतन की जरूरत है। उन्होंने चेताया कि जिसे टिकट मिले उसे जिताने के लिए काम हो। व्यक्ति विशेष के सिपाही बनकर काम न करें। जहां पार्टी कमजोर है पदाधिकारी व कार्यकर्ता वहां जनता के बीच जाएं। बूथ लेबिल एजेंट की भी समीक्षा होगी।
कांग्रेस में कोई नाराज नहीं, हरीश रावत भी नहीं
स्वराज आश्रम में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सैलजा ने कहा कि अब जमीनी स्तर पर मजबूत होने का समय आ गया है। हम अपने संगठन को मजबूत करते हुए अलग अगल पदों पर नियुक्तियां करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के कार्यकर्ता सम्मेलन में न आने और पार्टी नेताओं के उनसे मिलने जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर सैलजा ने कहा कि पार्टी में सब एक-दूसरे से मिलते रहते हैं। कुछ बातें पार्टी के अंदर की होती हैं इन्हें सार्वजनिक नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि हरीश रावत नाराज नहीं है, संगठन में कोई किसी से नाराज नहीं है। टिकट वितरण के सवाल पर प्रदेश प्रभारी ने कहा कि इस मुद्दे पर सबके साथ मिल बैठकर फैसला लिया जाएगा।
कोहनी में गुड़ लगाकर खाने के लिए कह रही भाजपा – गोदियाल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की कोहनी में गुड़ लगाकर उसे खाने के लिए कह रही है जो संभव नहीं है। नफरत फैलाकर सत्ता में बैठी भाजपा सरकार युवाओं को नशे के गर्त में धकेल रही है। कांग्रेस की सरकार बनी तो नशे के अड्डे बंद होंगे।
भाजपा 15 साल का हिसाब दे : आर्य
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार अहंकार में डूबी है। कानून व्यवस्था ध्वस्त है। भू माफिया और खनन माफियाओं के हाथों प्रदेश को सौंप दिया गया है। भाजपा अपने 15 साल का हिसाब दे, कांग्रेस दस साल का देगी। पता चल जाएगा कि किसने विकास किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से छोटे-बड़े मुद्दे उठाकर सड़क पर उतरने का आह्वान किया।

हल्द्वानी में एकजुटता का आह्वान, दून में बैनर पॉलिटिक्स
कमजोर अनुशासन और बड़े नेताओं की सरपरस्ती के चलते कांग्रेस में किसी न किसी कोने से ऐसा कारनामा हो जाता है जिससे असहज स्थिति पैदा हो जाती है।
गुरुवार 9 अप्रैल को देहरादून राजीव भवन में लगे एक बैनर में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का फोटो नदारद होने के तीव्र विरोध हुआ। कार्यकर्ताओं का कहना था कि कांग्रेस भवन में लगने वाले हर बैनर में प्रदेश अध्यक्ष का फोटो लगाना अनिवार्य होता है। बताया जाता है कि बढ़ते विरोध के बाद महानगर कांग्रेस कमेटी के पूर्व पदाधिकारी ने उसी दिन बैनर हटा दिया।
