
देहरादून। विकासनगर क्षेत्र के सहसपुर में गैस की कमी के बीच जंगल में लकड़ी लेने गए इरफान उम्र 55 वर्ष को गुलदार ने अपना निवाला बना लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में डर के साथ आक्रोश भी देखा जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, सहसपुर क्षेत्र का रहने वाला इरफान मंगलवार को अपने साथियों के साथ चांदपुर जंगल में लकड़ी बीनने गया था। लकड़ी बीनने के बाद दो लोग वापस गांव लौट आए, जबकि इरफान पीछे रह गया। जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटा तो साथियों और परिजनों को चिंता हुई। खोजबीन के दौरान वह जंगल के अंदर झाड़ियों के बीच लहूलुहान हालत में मिला। मौके पर पड़े मिले शव पर जंगली जानवर के हमले के निशान थे।
ग्रामीणों के मुताबिक, आशंका जताई जा रही है कि गुलदार शिकार करने के बाद शव को काफी दूर तक खींचकर ले गया। हालांकि ग्रामीणों की आहट के बाद वह शव को छोड़कर मौके से भाग गया।गांव के नजदीक जंगल में तलाश करने पर बुरी हालत में लहूलुहान इरफान का शव बरामद हुआ। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।
वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही सहसपुर से विधायक सहदेव सिंह पुंडीर भी इरफान के घर पर पहुंचे और उन्होंने परिवार से मुलाकात की।
घटना के बाद इलाके में भारी दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में डर के साथ आक्रोश भी है। आक्रोशित लोगों ने रेंज ऑफिस पर हंगामा करते हुए गुलदार को जल्द पकड़ने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे जान-माल का खतरा बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग की है।
घटना को देखते हुए वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और टीमों का गठन किया गया है। ग्रामीणों को अकेले जंगल में न जाने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वन विभाग का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
