
चमोली। जिले के जोशीमठ क्षेत्र के एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिससे परिजनों में आक्रोश फैल गया है।

मृतक की पहचान बलवंत सिंह (65 वर्ष), निवासी गांव मोलटा, जोशीमठ के रूप में हुई है। मृतक के पुत्र आशीष और प्रवेश पंवार ने बताया कि उनके पिता प्रवेश के बच्चों के साथ गोपेश्वर में रहते हैं, उनका आरोप है कि रविवार सुबह करीब 7 बजे कुछ लोग बिना वर्दी के उनके घर पहुंचे और खुद को हरियाणा पुलिस का बताते हुए उनके पिता को अपने साथ ले गए।
परिजनों के अनुसार, पुलिस ने घर की तलाशी ली और मोबाइल भी अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उन्होंने बताया कि बलवंत सिंह के खिलाफ मामला है और उन्हें थाने ले जाया जा रहा है।परिजनों का कहना है कि कुछ समय बाद कर्णप्रयाग से फोन आया, जिसमें बताया गया कि उनके पिता की तबीयत खराब हो रही है और दवाइयों के बारे में जानकारी मांगी गई। जब तक परिजन कर्णप्रयाग पहुंचे, तब तक उन्हें श्रीनगर के बेस अस्पताल रेफर कर दिया गया था। परिजन जब श्रीनगर पहुंचे तो उन्हें पिता की मौत की सूचना मिली।
परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सुबह तक उनके पिता पूरी तरह स्वस्थ थे और रास्ते में उनके साथ टॉर्चर किया गया, जिससे उनकी मौत हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हरियाणा पुलिस के अधिकारी अब फोन नहीं उठा रहे हैं और न ही उनकी कोई जानकारी दी जा रही है। परिजनों ने साफ कहा है कि जब तक संबंधित पुलिसकर्मी वापस नहीं आते, वे शव नहीं ले जाएंगे।
वहीं, स्थानीय श्रीनगर पुलिस के अनुसार, बलवंत सिंह के खिलाफ हरियाणा पुलिस द्वारा NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही थी और उन्हें गिरफ्तार किया गया था। रास्ते में तबीयत बिगड़ने पर पहले कर्णप्रयाग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर बेस अस्पताल श्रीकोट, श्रीनगर रेफर किया गया। यहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
बताया जा रहा है कि हरियाणा के रोहतक से आई पुलिस टीम के साथ एक अन्य आरोपी भी था। इसी कारण वे स्थानीय पुलिस को सूचना देकर वापस लौट गई।
