
पौड़ी। पौड़ी शहर में नाई का काम करने वाले युवक द्वारा एक अन्य युवक पर किए गए हमले के बाद माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। गुरुवार को हुई इस घटना के विरोध में शुक्रवार को पूरा बाजार बंद रहा और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

बताते चलें कि बीते गुरुवार को अपर बाजार क्षेत्र में एक नाई और कार चालक के बीच मामूली विवाद हिंसक हो गया था। पुरानी जेल के समीप बारबर की दुकान के पास कार का शीशा युवक के हाथ से टकराने पर कहासुनी शुरू हुई, जो मारपीट में बदल गई। इस दौरान बारबर युवक ने कैंची से हमला कर कार सवार युवक को घायल कर दिया। घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया था और घटना से नाराज लोगों ने बारबर की दुकान में तोड़फोड़ कर दी थी और मामला कोतवाली तक पहुंच गया, जहां पुलिस कार्यालय के बाहर भी हंगामा हुआ। पुलिस ने मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
महिलाएं उतरी सड़कों पर
घटना के विरोध में स्थानीय युवाओं और महिलाओं ने शहर में रैली निकाली। रैली के दौरान उन्होंने घटना की कड़ी निंदा की और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने लोगों से अपील की कि शहर में शांति और भाईचारा बनाए रखें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों। प्रदर्शन के दौरान स्थानीय महिलाओं ने खुली दुकानों को भी बंद करवाया और सरकारी शराब के ठेके पर पहुंचकर विरोध जताया। महिलाओं के आक्रोश को देखते हुए मौके पर ही शराब का ठेका बंद करवा दिया गया।
महिलाओं की शराब ठेका हटाने की मांग
उत्तराखंड की आंदोलनकारी कमला रावत ने भी घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने शराब की दुकान का शटर गिराकर उसे बंद रखने की मांग की और प्रशासन से ठेका शहर से बाहर शिफ्ट करने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वह दुकान में तोड़फोड़ करने को मजबूर होंगी।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
