
नैनीताल। जनपद के भीमताल क्षेत्र में सूर्यागांव की सूर्याजाला निवासी 55 वर्षीय हंसी देवी पत्नी लाल सिंह सूर्या को गुलदार ने अपना शिकार बना लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, हंसी देवी सुबह घर से चारा लेने जंगल की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उन्हें जंगल की ओर घसीट ले गया।
घटना के दौरान परिजनों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। कुछ समय बाद घर से थोड़ी ही दूरी पर हंसी देवी का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
बताते चलें कि इससे कुछ दिन पहले भी भीमताल क्षेत्र में ही एक अन्य महिला को बाघ ने अपना शिकार बना लिया था। लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद ग्रामीणों में भय व्याप्त है और लोग वन विभाग से ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

