
बकौल, गोदियाल, केदारनाथ उप चुनाव में बीकेटीसी कार्मिकों को नियमित करने की हुई थी घोषणा

कहा, डेढ़ साल बीता,अब तक किसी ने भी इन कार्मिकों की सुध नहीं ली
पहाड़ का सच देहरादून। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को उनकी डेढ़ साल पुरानी एक अहम घोषणा याद दिलाई है जो केदारनाथ विधानसभा उप चुनाव के दौरान की गई थी।
पीसीसी अध्यक्ष ने सोमवार को जारी एक वीडियो में कहा कि केदारनाथ उप चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री ने केदारनाथ व बदरीनाथ मंदिर समिति में काम कर रहे अस्थाई कार्मिकों को नियमित करने की घोषणा की थी।
गोदियाल ने सीएम के साथ विधायक केदारनाथ श्रीमती आशा नौटियाल को भी याद दिलाते हुए कहा कि उप चुनाव के बाद डेढ़ साल बीत गया है लेकिन अभी बीकेटीसी के अस्थाई कर्मचारियों को नियमित नहीं किया गया है। उन्होंने सीएम से मांग की है कि इस विधानसभा के कार्यकाल से पहले बीकेटीसी के अस्थाई कर्मचारियों को नियमित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि बेहतर होगा कि इस मामले में आंदोलन की नौबत न आए।
