
ग्राम स्यूण्ड में “सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम का आयोजन, ग्रामीणों ने रखी समस्याएं

सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल एवं मुआवजे से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान पर दिया जोर
रुद्रप्रयाग।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशानुसार जनपद रुद्रप्रयाग के विकासखंड अगस्त्यमुनि अंतर्गत ग्राम स्यूण्ड में “सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम जनता दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप वन संरक्षक रुद्रप्रयाग रजत सुमन द्वारा की गई, जबकि जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. दीपा तिलारा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम स्यूण्ड स्थित पंचायत भवन में ग्रामीणों ने क्रमवार अपनी समस्याएं एवं मांगें अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कीं। ग्रामीणों ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु एएनएम केंद्र की स्थापना की मांग उठाई। साथ ही स्यूण्ड से धौलसारी मोटर मार्ग के शीघ्र निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
इस पर उप वन संरक्षक रजत सुमन ने ग्रामीणों को अवगत कराया कि उक्त मोटर मार्ग के निर्माण हेतु जिला प्रशासन द्वारा प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है तथा उक्त मोटर मार्ग के निर्माण हेतु शासन स्तर पर भी कार्रवाई प्रमुखता से की जा रही है, जिससे इस मार्ग का शीघ्र निर्माण हो सके। इसके अतिरिक्त स्यूण्ड-सिल्ली-सतेरा मोटर मार्ग निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुए मंदिर के प्रतीक्षालय के पुनर्निर्माण की मांग भी ग्रामीणों द्वारा उठाई गई। साथ ही मार्ग निर्माण के दौरान प्रभावित खेतों, पेड़ों आदि के कटान के मुआवजे तथा डंपिंग जोन की व्यवस्था न होने की शिकायत भी दर्ज कराई गई।
ग्रामीणों ने जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान की समस्या रखते हुए खेतों की घेराबाड़ की मांग की। इसके साथ ही क्षेत्र में बैंक शाखा खोलने, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति में सुधार, राशन कार्ड ई-केवाईसी में आ रही बायोमेट्रिक समस्याओं के समाधान, गौशाला निर्माण, मिलन केंद्र की मरम्मत तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सीएलएफ से जोड़ने की मांग भी प्रमुख रूप से रखी गई। जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए भी आवश्यक कार्यवाही किए जाने का अनुरोध किया गया।
उप वन संरक्षक रजत सुमन ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए मौके से ही संबंधित अधिकारियों से वार्ता की तथा समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु प्रार्थना पत्र अग्रसारित किए गए।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान स्यूण्ड प्रवीण सेमवाल, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. दीपा तिलारा, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी प्रीति मेहरा सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
