
पहाड़ का सच/एजेंसी।

नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी की विधानसभाओं के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। इन पांचों राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल मई में समाप्त हो रहा है। चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही संबंधित राज्यों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल 2026 को एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा। वहीं तमिलनाडु में 23 अप्रैल 2026 को मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान कराया जाएगा। यहां पहले चरण में 23 अप्रैल और दूसरे चरण में 29 अप्रैल 2026 को मतदान होगा।

आयोग के अनुसार पांचों राज्यों के चुनाव परिणाम 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया अप्रैल और मई के दौरान पूरी कर ली जाएगी, ताकि सभी विधानसभाओं का कार्यकाल समाप्त होने से पहले नई सरकारों का गठन किया जा सके।
निर्वाचन आयोग ने कहा कि चुनाव की घोषणा के साथ ही सभी राज्यों में सरकारी योजनाओं और नई घोषणाओं पर आचार संहिता के नियम लागू हो गए हैं। आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित कराने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
