
पहाड़ का सच देहरादून। उत्तराखंड में पत्रकारों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए उत्तराखंड पत्रकार यूनियन को सशक्त बनाने पर बल दिया गया।

यूनियन की जिला देहरादून इकाई को सांगठनिक तौर पर मजबूत बनाने के लिए रविवार को राजधानी देहरादून स्थित उज्ज्वल रेस्टोरेंट में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला इकाई की गतिविधियों व कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। व्यापक सुधार के साथ यह महसूस किया गया कि पत्रकारों के हितों के लिए गतिविधियों में तेजी लाने की जरूरत है। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहे जाने वाले पत्रकार आज कई प्रकार की कठिनाइयों और चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। कई स्थानों पर पत्रकारों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार कर उनकी समस्याओं को को भी नजरअंदाज किया जाता रहा है।

पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन को और अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने की आवश्यकता है।उत्तराखंड पत्रकार यूनियन के प्रदेश महासचिव हरीश जोशी ने स्पष्ट कहा कि कलम के सिपाहियों के अधिकारों के लिए संगठन पूरी मजबूती से खड़ा रहेगा। पत्रकारों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय बैठक में लिए गए। बैठक में यह तय किया गया कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक माह नियमित रूप से बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें पत्रकारों की समस्याओं पर खुलकर चर्चा होगी और उनके समाधान के लिए ठोस रणनीति तैयार की जाएगी।
यूनियन के प्रदेश संगठन मंत्री इंद्रेश कोहली ने कहा कि राजधानी में तैनात संबंधित अधिकारियों से यूनियन का प्रतिनिधिमंडल मुलाकात करेगा और पत्रकारों की समस्याओं को उनके समक्ष प्रमुखता से रखेगा। जिन समस्याओं का समाधान प्रशासनिक स्तर पर संभव होगा, उन्हें तत्काल हल कराने के प्रयास किए जाएंगे। अन्य पत्रकारों ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होता है और समाज की आवाज को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करता है। ऐसे में पत्रकारों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा होना भी उतना ही आवश्यक है।
यूनियन के जिला महासचिव दरवान सिंह गडिया ने स्पष्ट किया कि यदि पत्रकारों के हितों की अनदेखी की गई या उनके साथ अन्याय हुआ तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगा। पत्रकारों की एकता और संगठन की मजबूती ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है, इसलिए सभी पत्रकारों से संगठन के साथ जुड़कर इसे और मजबूत बनाने का आह्वान किया गया।
बैठक में पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा, मान्यता, कार्यस्थल पर सम्मान और अन्य सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारों के हितों के लिए हर स्तर पर लड़ाई लड़ी जाएगी और संगठन हमेशा पत्रकारों के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।बैठक का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि उत्तराखंड पत्रकार यूनियन पत्रकारों की आवाज बनकर उनके अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करता रहेगा।
बैठक में उत्तराखंड पत्रकार यूनियन के प्रदेश महासचिव हरीश जोशी, प्रदेश संगठन मंत्री इंद्रेश कोहली, जिला महासचिव दरवान सिंह गडिया के अलावा पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष केएस बिष्ट, गीता बिष्ट,सपना बुटाेला, हिमा चौहान के अलावा तमाम पत्रकार मौजूद रहे।
