
रुद्रपुर। रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र से एक 16 वर्षीय किशोरी अचानक घर से लापता हो गई । चिंतित परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराते हुए उसे जल्द से जल्द तलाशने की गुहार लगाई है।

ट्रांजिट कैंप क्षेत्र निवासी एक महिला ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी 16 वर्षीय बेटी दिनांक 12 मार्च को शाम घर से बिना बताए कहीं चली गई। इसके बाद से वह वापस घर नहीं लौटी। जब देर रात तक किशोरी घर नहीं पहुंची तो परिवार के लोग चिंतित हो गए और उसकी तलाश शुरू कर दी।
परिजनों ने किशोरी की खोजबीन आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका। बेटी का कोई सुराग न मिलने पर परेशान परिवार ने अंततः ट्रांजिट कैंप कोतवाली पहुंचकर पुलिस को इसकी जानकारी दी और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। तहरीर में महिला ने अपनी बेटी का हुलिया भी बताया है। उनके अनुसार किशोरी की उम्र लगभग 16 वर्ष है, वह नीले रंग की कुर्ती और टाउजर पहने हुए थी तथा काले रंग की चुन्नी ओढ़ रखी थी। उसकी पहचान के लिए माथे पर मस्सा होना बताया गया है।
परिजनों का कहना है कि बेटी के अचानक घर से गायब हो जाने से पूरा परिवार बेहद परेशान और चिंतित है। परिजनों की तहरीर के आधार पर किशोरी की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और किशोरी की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है और संभावित स्थानों पर उसकी खोजबीन की जा रही है।
