Lavc57.107.100

हरिद्वार। जनपद के कनखल थाना क्षेत्र के जगजीतपुर इलाके में एक आवारा सांड के हमले में 75 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, 75 वर्षीय रामकिशन, निवासी जगजीतपुर, सड़क किनारे खड़े थे। तभी पीछे से अचानक आए एक आवारा सांड ने उन पर हमला कर दिया। सांड ने पहले उन्हें जोरदार टक्कर मारी और फिर सींगों पर उठाकर सड़क पर पटक दिया। इस अचानक हुए हमले से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने किसी तरह सांड को वहां से भगाया और घायल बुजुर्ग को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जगजीतपुर क्षेत्र में लंबे समय से आवारा सांड और मवेशियों की समस्या बनी हुई है। कई बार नगर निगम और प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद भी इन्हें पकड़ने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों ने प्रशासन से जल्द इस समस्या का समाधान करने की मांग की है।
सूचना मिलने पर कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। कनखल थाना प्रभारी डीएस रावत ने बताया कि मृतक की पहचान 75 वर्षीय रामकिशन निवासी जगजीतपुर के रूप में हुई है। फिलहाल परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
