
पहाड़ का सच ऋषिकेश। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा द्वारा गुरुवार को क्षेत्रीय अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० कैलाश कुंज्याल के साथ उप जिला चिकित्सालय ऋषिकेश का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सीएमओ द्वारा चिकित्सालय में ओपीडी, इमरजेंसी, पैथोलॉजी, रक्त कोष सेवाओं तथा विभिन्न वार्ड की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। चिकित्सालय में साफ सफाई की व्यवस्था सही पाई गई।


इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा आपातकालीन चिकित्सा कक्ष में विभिन्न पंजीकाओं की जांच की गई तथा तैनात चिकित्सा अधिकारी को हिदायत दी गई की मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ अच्छा व्यवहार करें। किसी भी परिस्थिति में मरीजों एवं उनके परिजनों को शिकायत का अवसर न मिले।
मानव संसाधन के संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अवगत कराया गया कि चिकित्सालय में एक स्त्री रोग विशेषज्ञ, दो महिला चिकित्सा अधिकारियों तथा एक एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस की आवश्यकता है। सीएमओ ने कहा कि इस संबंध में वह अपने स्तर से स्वास्थ्य महानिदेशक कार्यालय को आवश्यक पत्राचार करेंगे।
डॉ मनोज कुमार शर्मा द्वारा निर्देश दिए गए की चिकित्सालय में तैनात चिकित्सा अधिकारियों एवं अन्य स्टाफ के कार्यों का निर्धारण इस प्रकार से करें कि उनकी सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन शाम के समय प्रत्येक वार्ड तथा लेबर रूम में सिस्टम इंचार्ज द्वारा भी अनिवार्य रूप से भ्रमण किया जाए।
चिकित्सालय में ब्लड बैंक के निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ शर्मा ने कहा कि ब्लड बैंक के लाइसेंस रिन्यूअल की प्रक्रिया को अविलंब पूरा करें। ब्लड बैंक में उपलब्ध कराई गई ब्लड कंपोनेंट सेपरेटर मशीन को क्रियाशील करें। इसके उपरांत मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश में गठित विशेष दिव्यांग बोर्ड का भी निरीक्षण किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी के साथ निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ आनंद राणा, सर्जन डॉ विजयेश भारद्वाज, फिजिशियन डॉ अमित रौतेला सहित पैरामेडिकल स्टाफ, नर्सिंग स्टाफ तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
