
देहरादून। राजधानी में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में डीआईटी यूनिवर्सिटी के दो छात्रों की मौत हो गई। दोनों छात्र बुलेट मोटरसाइकिल से धौरणपुल से आईटी पार्क की ओर जा रहे थे, तभी उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।

मिली जानकारी के अनुसार देव कुमार (22) निवासी ग्राम कुमार, थाना सिकंदरा, जिला जमुई (बिहार) डीआईटी से बी-फार्मा की पढ़ाई कर रहे थे। वहीं रोनित विश्वास (19) निवासी दीमापुर, नागालैंड भी बी-फार्मा के छात्र थे। आईटी पार्क चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह गुसांई ने बताया कि मंगलवार देर रात दोनों छात्र बुलेट मोटरसाइकिल से धौरणपुल से आईटी पार्क की ओर जा रहे थे। आईटी पार्क से पहले आदर्श एन्क्लेव गेट के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और विपरीत दिशा में जाकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से मैक्स अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने देव कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं रोनित विश्वास के सिर और पैर में गंभीर चोटें आने के कारण उसे अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था। बुधवार सुबह इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस ने दोनों छात्रों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर और छात्रों में शोक की लहर है
