
पहाड़ का सच, गैरसैंण। अंकिता भंडारी हत्याकांड,प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी,महिला अपराध और महंगाई के विरोध में पीसीसी अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस ने मंगलवार को विधानसभा का घेराव कर नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया।

विधानसभा सत्र के दूसरे दिन कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ता पीसीसी अध्यक्ष गोदियाल के नेतृत्व में विधानसभा पहुंचे,जहां पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। गुस्साए प्रदर्शनकारियों के भाजपा सरकार के खिलाफ नाजेबाजी की। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व मंत्री डॉक्टर हरक सिंह रावत ,नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक प्रीतम सिंह सहित कांग्रेस से अभी विधायक मौजूद थे।
गैरसैण विधानसभा भवन घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता जिस उत्साह से हजारों की संख्या में भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों का विरोध करने के लिए आन्दोलनकारियों एवं शहीदों के सपनों की राजधानी गैरसैंण में एकजुट हुए उससे आने वाले समय में प्रदेश की जनता भाजपा सरकारों की जन विरोधी नीतियों तथा अलोकतांत्रिक हिटलरशाही का जवाब कांग्रेस पार्टी को पूर्ण बहुमत के साथ प्रदेश की बागडोर सौंप कर देगी तथा शहीदों और आंदोलनकारियों का गैरसैंण राजधानी का सपना साकार होगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के कोने-कोने से हजारों की संख्या में पहुंचकर ऐतिहासिक विधानसभा घेराव कर भाजपा की धामी सरकार को चेताने का काम किया है।
विधानसभा घेराव कार्यक्रम में प्रदेश के कोने-कोने से हजारों की संख्या में आये कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले दिनों राजभवन घेराव के बाद आज विधानसभा घेराव के इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार को प्रदेश से उखड फेंकने का मन बना दिया है और आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता को भाजपा सरकार की तानाशाही, जनविरोधी नीतियों और कुशासन से छुटकारा मिलेगा।
