
रुद्रप्रयाग। जनपद में बच्छणस्यूं पट्टी के क्वली गांव में होली के दिन जंगल में काकड़ का शिकार करने के मामले में वन विभाग ने 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। क्वली गांव के पास जंगल में छापेमारी के दौरान टीम को काकड़ का शव और शिकार में इस्तेमाल किए गए हथियार मिले। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

वन विभाग को होली के दिन सूचना मिली थी कि क्वली गांव के कुछ लोग जंगल में काकड़ का शिकार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और जंगल में तलाशी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान काकड़ का शव और शिकार में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद हुए। जांच में शिकार में संलिप्तता की पुष्टि होने पर 14 लोगों को हिरासत में लिया गया और उनके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ और प्रारंभिक जांच में शिकार में उनकी संलिप्तता सामने आई। इसके बाद वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए रात करीब आठ बजे 14 लोगों को हिरासत में ले लिया। सभी आरोपियों को विभागीय कार्रवाई के तहत गुरुवार को आगे की प्रक्रिया के लिए प्रस्तुत किया गया। वन विभाग ने गुरुवार को सभी आरोपितों का मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
