
देहरादून। राजधानी के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में दहेज के लिए शादी के महज चार महीने बाद युवती की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पति पत्नी के कम पढ़ी-लिखी होने और कम दहेज मिलने से नाराज था। उसने कंबल से मुंह दबाकर पत्नी की हत्या कर दी।

रुद्रप्रयाग निवासी सलमान आसिफ ने बुधवार को थाना नेहरू कॉलोनी में तहरीर देकर बताया कि उसकी बहन कहकशा आलम की ससुराल वालों ने हत्या कर दी है। उसने पति शहबाज, सास खुशनुदा, ससुर यासीन, देवर सरताज और ननद शबनम पर हत्या का आरोप लगाया। सलमान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन की शादी 19 नवंबर 2025 को देहरादून के रिस्पना नगर निवासी शहबाज आलम से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए कहकशा को प्रताड़ित कर रहे थे। परिजनों के मुताबिक तीन-चार मार्च की रात ससुराल पक्ष कहकशा को गंभीर हालत में श्रीमहंत इंद्रेश अस्पताल लेकर पहुंचा, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि उसकी बहन की हत्या की गई है। शिकायत के आधार पर नेहरू कॉलोनी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। चूंकि मृतका की शादी को अभी चार महीने ही हुए थे, इसलिए नियमानुसार मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई कराई गई और पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया गया।
पुलिस टीम ने बृहस्पतिवार को आरोपी पति शहबाज आलम (29) निवासी रिस्पना नगर, थाना नेहरू कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से बिजनौर जिले के दिनौड़ा गांव का रहने वाला है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी एक सप्ताह से अपनी पत्नी को मारने की साजिश रच रहा था। तीन मार्च की रात जब पत्नी सो रही थी, तभी मौका पाकर कंबल से उसका मुंह दबा दिया। दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी ने परिजनों को जानकारी दी और उसे श्रीमहंत इंद्रेश अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी ने परिजनों को बीमारी से मौत होने का भरोसा दिलाने की कोशिश की लेकिन अस्पताल की ओर से पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद वह घबरा गया और मौके से फरार हो गया।
