
रुद्रपुर। उधम सिंह नगर के आईटीआई थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग से दुष्कर्म और जबरन अनैतिक देह व्यापार कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह में शामिल दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि मई 2025 से लापता एक नाबालिग लड़की को हरियावाला इलाके में बंधक बनाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कोतवाली आईटीआई ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया और संदिग्ध स्थान पर छापेमारी की। पुलिस टीम ने हरियावाला स्थित जाहिद के आवास पर दबिश दी, जहां से नाबालिग पीड़िता को बरामद किया गया।
मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में जाहिद, शिवम, शोभा और सोमा शामिल हैं। इनमें दो महिलाएं भी गिरोह का हिस्सा पाई गईं। जांच के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने नाबालिग को लंबे समय से बंधक बनाकर रखा था। उससे जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था। जांच में सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि होने पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। कार्रवाई काशीपुर पुलिस की सतर्कता और त्वरित प्रतिक्रिया का परिणाम मानी जा रही है। एसएसपी के निर्देशन में यह ऑपरेशन अंजाम दिया गया।
एसपी ने कहा कि मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस साक्ष्य जुटाने में लगी है। इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा। उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी को इस प्रकार की गतिविधियों की जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाया जा सके।

