
उत्तराखंड महिला कांग्रेस ने राजधानी देहरादून में क्या विरोध प्रदर्शन
पहाड़ का सच,देहरादून। एपस्टीन फाईल में पीएम व केन्द्रीय मंत्री हरदीप पुरी का नाम उजागर होने पर हरदीप पुरी के इस्तीफे की मांग को लेकर सोमवार को प्रदेश महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क से पलटन बाजार होते हुए तहसील चौक एवं वापस प्रदेश कांग्रेस कार्यालय तक विरोध-प्रदर्शन के साथ मार्च निकाला तथा केन्द्रीय मंत्री हरदीप पुरी के इस्तीफे की मांग की।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता बडी संख्या में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में एकत्र हुए। नारेबाजी करते हुए महिलाओं ने पलटन बाजार की तरफ कूच किया। इस अवसर पर ज्योति रौतेला ने कहा कि एपस्टिन फाइल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का नाम सामने आने की खबरें अत्यंत गंभीर और चिंताजनक हैं। यदि इन फाइलों में किसी भी प्रकार से उनका उल्लेख हुआ है, तो देश की जनता के सामने पूरी सच्चाई आना अनिवार्य है।
उन्होंने कहा कि यह मामला केवल व्यक्तियों का नहीं, बल्कि देश की गरिमा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की साख से जुड़ा हुआ है। ऐसे संवेदनशील विषय पर चुप्पी साध लेना या तथ्यों को छिपाना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत होगा। रौतेला ने कहा कि प्रदेश महिला कांग्रेस मांग करती है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए। जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, नैतिक आधार पर केन्द्रीय मंत्री हरदीप पुरी को अपने पद से इस्तीफा दें।
महिला कांग्रेस ने मांग की है कि केंद्र सरकार इस विषय पर संसद और देश की जनता के सामने स्पष्ट वक्तव्य दे। देश की राजनीति में पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वाेपरि होनी चाहिए। यदि किसी भी सार्वजनिक पद पर बैठे व्यक्ति का नाम ऐसे विवादों में आता है, तो नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ना ही लोकतांत्रिक परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि जनता जानना चाहती है कि सच्चाई क्या है, और उसे यह अधिकार है कि उसके प्रतिनिधि हर प्रकार के संदेह से परे हों।
प्रदर्शन मार्च में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय कॉर्डिनेटर शिवानी थपलियाल मिश्रा, महानगर अध्यक्ष उर्मिला ढौंडियाल थापा, प्रदेश महिला उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, महासचिव निधि नेगी, सुशीला शर्मा, अनुराधा तिवारी, प्रतिमा सिंह देवेन्द्र कौर, रेख ढींगरा, भावना, जिलाध्यक्ष टिहरी आशा रावत, उमा पंवार, अनीता सकलानी आदि अनेक महिला कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित थे।

