
विकासनगर । कोतवाली विकासनगर अंतर्गत बल्लूपुर दून-पांवटा फोरलेन पर आदूवाला के पास शुक्रवार तड़के खनन सामग्री से भरे डंपरों ने वन गुर्जरों की पांच भैंसों को रौंद दिया। इस हादसे में वन गुर्जर बाल-बाल बचे। इस दर्दनाक घटना में पांच भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गाय, एक बछड़ा और कई अन्य पशु गंभीर रूप से घायल हैं।
मिली जानकारी अनुसार शाहपुर कल्याणपुर निवासी वन गुर्जर युसूफ अपने 15 मवेशियों को हिमाचल प्रदेश से लेकर आ रहा था। फोरलेन पर जैसे ही उसके मवेशी आदूवाला में एक ढाबे के पास पहुंचे। सुबह करीब सवा पांच बजे तेज रफ्तार डंपरों ने वन गुर्जर के मवेशियों के झुंड को रौंद दिया। इस हादसे के कारण वन गुर्जरों को लाखों का नुकसान हुआ है।
उधर, सूचना मिलते ही कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाल विनोद सिंह गुसाईं ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से डंपरों की पहचान की जा रही है। घायल मवेशियों के उपचार और मृत मवेशियों के पोस्टमार्टम के लिए हरर्बटपुर और विकासनगर के पशु चिकित्सकों के उपलब्ध न होने पर शीशमबाड़ा से चिकित्सकों की टीम बुनानी पड़ी।
स्थानीय निवासियों ने घटना पर आक्रोश जताते हुए बेलगाम वाहनों पर अंकुश लगाने और पीड़ितों को मुआवजा देने की मांग प्रशासन से की है।

