
उत्तरकाशी। जिले के बड़कोट तहसील क्षेत्र के अंतर्गत डामटा में एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा बड़कोट तहसील से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर डामटा के पास घटित हुआ। जैसे ही कार सड़क से नीचे खाई में गिरी, तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।
हादसे की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही डामटा चौकी से पुलिस बल और बड़कोट से एसडीआरएफ (SDRF) की टीम राहत एवं बचाव कार्य के लिए घटनास्थल पर पहुँची। नौगांव से फायर सर्विस की टीम को भी रेस्क्यू के लिए बुलाया गया।
रेस्क्यू टीम ने गहरी खाई में उतरकर काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला। मृतकों की पहचान 25 वर्षीय तुषार सिंह पुत्र दिनेश सिंह और 26 वर्षीय अजय सिंह पुत्र मिजान सिंह के रूप में हुई है। दोनों मृतक पुरोला तहसील के ग्राम दुईक के रहने वाले थे। जवान बेटों की मौत की खबर सुनते ही गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगा रही है।

