
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के फतेहपुर रेंज स्थित पनियाली गांव में बाघ के हमले में एक महिला की मौत हो गई। महिला सुबह घास लेने जंगल गई थी, लेकिन दोपहर तक घर नहीं लौटी। परिजनों ने खोजबीन शुरू की तो घर से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल में उसका शव मिला। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग जंगल जाने से डर रहे हैं।
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती बाघ की गतिविधियों पर चिंता जताई है।
मिली जानकारी के अनुसार कमला फर्त्याल उम्र 53 वर्ष सुबह करीब 9 बजे पशुओं के लिए घास काटने जंगल गई थीं। वह घर में अकेली रहती थीं। उनकी एक बेटी है जिसकी शादी हो चुकी है। महिला ने एक गाय पाल रखी थी और उसी के लिए चारा लेने जंगल गई थीं। जब वह देर तक वापस नहीं लौटीं तो परिजन खोजने जंगल पहुंचे। दोपहर में घर से लगभग दो किलोमीटर दूर उसका शव बरामद हुआ। शव बुरी तरह क्षत-विक्षत था। कुछ ग्रामीणों का दावा है कि बाघ शरीर का बड़ा हिस्सा खा चुका था।
15 दिन के भीतर दूसरी घटना से ग्रामीणों में भारी रोष
क्षेत्र में 15 दिन के भीतर यह दूसरी मौत है। इससे ग्रामीणों में भारी रोष फैल गया। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन लोगों ने अधिकारियों के सामने ही नारेबाजी शुरू कर दी। ग्रामीणों ने वन विभाग चौकी और कटघरिया चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने “न्याय दो” के नारे लगाए और आदमखोर बाघ को मारने की मांग की। पुलिस मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास करती रही।
एसडीएम हल्द्वानी प्रमोद कुमार ने बताया कि शाम करीब 4:30–5 बजे महिला के लापता होने की सूचना मिली थी। बाद में जंगल से उसका शव बरामद हुआ, जिसे जंगली जानवर द्वारा हमला कर मारने की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले भी पास के क्षेत्र में ऐसी घटना हुई थी, जिससे लोगों में आक्रोश है।

