
पहाड़ का सच नैनीताल। जिले के चोरगलिया थाना क्षेत्र में एक खनन व्यवसायी द्वारा स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या करने की घटना सामने आई है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद के बाद यह कदम उठाए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज जांच शुरू कर दी है।
चोरगलिया थाना प्रभारी हरपाल सिंह के अनुसार मृतक कमलेश सिंह अपने गांव में मां, भाई, पत्नी और छोटी बेटी के साथ रहता था। उसके पिता का लगभग दो वर्ष पूर्व निधन हो चुका था। सोमवार रात करीब 9 बजे पत्नी के साथ पारिवारिक विवाद के बाद कमलेश ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से स्वयं को गोली मार ली।
घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस को घटना की सूचना रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। अब तक की जांच में किसी व्यावसायिक विवाद या अन्य बाहरी कारण के संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और विस्तृत पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

