
देवप्रयाग। ऋषिकेश-देवप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोताघाटी के पास देर रात पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में पत्थर और मलवा एक चलते ट्रक पर आ गिरा, जिससे ट्रक चालक मलवे में दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार ट्रक चालक ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन तोता घाटी क्षेत्र में पहुंचा, अचानक पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर सीधे ट्रक पर आ गिरा। पत्थर गिरने से ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। टीम ने काफी मशक्कत के बाद चालक के शव को बाहर निकाला और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। एसडीआरएफ ढालवाला को रात करीब 3:05 बजे सूचना मिली कि तोताघाटी क्षेत्र में भूस्खलन के कारण ऊपर से भारी मलवा गिरा है, जिसकी चपेट में ट्रक संख्या UK12C-A0971 आ गया।
एसडीआरएफ ढालवाला के प्रभारी निरीक्षक कवींद्र सजवाण के अनुसार, टीम उपनिरीक्षक सावर सिंह नेगी के नेतृत्व में तत्काल मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने पुलिस के साथ मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक के केबिन में फंसे चालक का शव बाहर निकाला और आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
मृतक चालक मुरारी लाल मूल रूप से कर्णप्रयाग, चमोली का निवासी था और उसकी उम्र लगभग 55 वर्ष है। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद चालक के शव को ट्रक से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।

