
बागेश्वर। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य को यूपीसीएल ने व्यावसायिक बिजली कनेक्शन धारक के रूप तीन लाख रुपये के बकाये का नोटिस जारी किया है। बिजली बकाया मामले पर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने करीब तीन लाख रुपये के बकाये को लेकर एक नोटिस जारी किया है। इस नोटिस में संबंधित व्यावसायिक बिजली कनेक्शन धारक के रूप में मंत्री रेखा आर्य का नाम प्रकाशित बताया गया है। बताया जा रहा है कि यह बकाया बागेश्वर स्थित ‘रूद्राक्ष पैलेस’ नामक होटल से संबंधित है। होटल का बिजली कनेक्शन व्यावसायिक कथित रूप से मंत्री रेखा आर्य के नाम पर पंजीकृत है।
जब बकायेदारों की सूची स्थानीय अखबार में प्रकाशित हुई तो यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया। राजनीतिक गलियारों में भी इसे लेकर हलचल बढ़ गई और विभिन्न दलों के नेताओं ने इस पर प्रतिक्रिया देनी भी शुरू कर दी है।
सूची में मंत्री रेखा आर्य के साथ-साथ उनके पति का नाम भी स्पष्ट रूप से अंकित होने की बात सामने आई है, जिसके बाद इस प्रकरण ने और अधिक तूल पकड़ लिया। विपक्षी दलों ने इसे नैतिक जिम्मेदारी और सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता से जोड़ते हुए सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा की जाती है कि वे जवाबदेही और पारदर्शिता का उदाहरण प्रस्तुत करें।
हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक यूपीसीएल की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। विभाग की तरफ से न तो मीडिया को कोई औपचारिक स्पष्टीकरण दिया गया है और न ही अलग से प्रतिक्रिया सामने आई है। इसी तरह मंत्री रेखा आर्य की ओर से भी समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई थी।
अब देखना ये है कि यूपीसीएल कैबिनेट मंत्री से बकाए की राशि वसूलती है कि मामला रफा दफा कर ठंडे बस्ते में डाल देती है।

