
पहाड़ का सच देहरादून। प्रारंभिक शिक्षा निदेशक के साथ मारपीट, जानलेवा हमला व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में भाजपा के रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ व अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उधर, विधायक की गिरफ़्तारी की मांग को लेकर निदेशालय के कर्मी व शिक्षक संगठन के लोग समाचार लिखे जाने तक रायपुर थाने में धरने पर बैठे हैं।
वहीं राजकीय शिक्षक संघ के अध्यक्ष राम सिंह चौहान ने साफ शब्दों में कहा है कि फिलहाल सरकार और प्रशासन से बातचीत जारी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस मामले में आरोपी विधायक की गिरफ्तारी नहीं होती है और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तो संगठन बोर्ड परीक्षाओं के बहिष्कार का फैसला ले सकता है। उनके मुताबिक, यह निर्णय किसी राजनीतिक दबाव में नहीं, बल्कि शिक्षकों के सम्मान और सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया जाएगा।
सबसे बड़ी चिंता का विषय यह है कि यदि शिक्षक बोर्ड परीक्षाओं का बहिष्कार करते हैं, तो इसका सीधा असर छात्रों के भविष्य पर पड़ेगा। उत्तराखंड में आज से ही बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। छात्र महीनों से इसकी तैयारी कर रहे थे। परीक्षा प्रक्रिया के बाधित होने से न सिर्फ परीक्षा कार्यक्रम बिगड़ सकता है, बल्कि छात्रों का मानसिक तनाव भी बढ़ेगा।


