
अल्मोड़ा। जिले के सल्ट क्षेत्र में आज सुबह यात्रियों से भरी पिकअप करीब 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिससे गाड़ी में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पिकअप खाई में पलटी हुई मिली और कुछ लोग गाड़ी के नीचे फंसे हुए थे। गाड़ी में 7 लोग सवार थे।
चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी गई। हादसा सल्ट क्षेत्र में हुआ। जानकारी के अनुसार, यह हादसा डोटियाल से करीब एक किलोमीटर आगे हुआ, जहां सड़क की हालत बेहद खराब बताई जा रही है। सामने से आ रही एक बस को रास्ता देने के प्रयास में पिकअप चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन खाई में जा गिरा। घायलों ने बताया कि यदि बस से सीधी टक्कर होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
ग्रामीणों ने खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए देवायल, सल्ट भेजा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप वाहन यात्रियों को लेकर जा रहा था। तभी सामने से आ रही एक बस को पास देने के दौरान सड़क का किनारा धंसने या जगह कम होने के कारण चालक साकम सिंह नियंत्रण खो बैठा।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने ढलान पर उतरकर घायलों को रेस्क्यू किया और अपनी निजी गाड़ियों से अस्पताल पहुंचाया। घायलों में साकम सिंह (35, चालक, सराईखेत), राजेंद्र सिंह (36, केलाखेड़ा, ऊधम सिंह नगर), सुभाष (19, नेपाल), चंद्रसेन सैनी (41, बिजनौर, यूपी), विजेंद्र सिंह (36, बिजनौर, यूपी) शामिल है।
घायलों ने बताया कि डोटियाल के पास सड़क लंबे समय से बदहाल है। संकरी सड़क और गड्ढों की वजह से यहां पहले भी वाहन अनियंत्रित हो चुके हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। फिलहाल पुलिस प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।

