
नई टिहरी। जिले के थाना घनसाली क्षेत्र के एक गांव में एक चाचा पर 14 वर्षीय नाबालिग से रेप करने का आरोप लगा है। घटना 16 फरवरी की है । बच्ची ने बताया कि उस दिन लाइट बार-बार जा रही थी। उनके घर में एक टॉर्च थी, जिसमें चार्ज कम था। पड़ोस में ही उनके चाचा का घर था। चाचा के घर में लाइट थी। घरवालों ने लड़की से चाचा के घर से टॉर्च चार्ज करने के लिए कहा। घरवालों के चाचा से अच्छे संबंध थे और वे अक्सर एक-दूसरे के घर जाते-आते रहते थे। घरवालों ने इसी भरोसे के साथ लड़की को चाचा के घर भेज दिया।
जैसे ही लड़की चाचा के घर पहुंची, तो सब लोग काम में लगे हुए थे। इसी दौरान लड़की ने बताया कि वह टॉर्च चार्ज करने आई है, जिस पर उसके चाचा ने उसे घरवालों की नजर से दूर दूसरे कमरे में टॉर्च चार्ज करने को कहा। लड़की जैसे ही कमरे में पहुंची, तो उसका चाचा भी वहां पहुंचा और मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद लड़की घर पहुंची और रोते हुए सारी बात अपनी मां को बताई, जिसके बाद घटना की जानकारी पिता को हुई।
घटना के बाद पीड़िता खुद थाना चौकी लाटा चमियाला पहुंची, जहां उसकी शिकायत दर्ज की गई। देर रात पुलिस उसे बेलेश्वर अस्पताल ले गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल नई टिहरी भेजा गया।
थानाध्यक्ष अजय कुमार जाटव ने बताया कि पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पीड़िता की शिकायत पर रेप के आरोप में धारा 65(1) बीएनएस और 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया गया।

