
बीमार बच्ची से शुरू हुआ पति ,पत्नी का झगड़ा, बुजुर्ग मां की मौत तक पहुंचा
पहाड़ का सच उधम सिंह नगर। बीमार बेटी को लेकर शुरू हुआ पति-पत्नी का विवाद आधी रात एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत के रूप में सामने आया। आरोप है कि पत्नी ने मायके वालों के आधी रात घर में घुसकर बच्ची की 70 वर्षीय दादी की पीटकर हत्या कर दी। बुजुर्ग बीच बचाव करने आई थी।

जानकारी मिली है कि जब पति पत्नी के बीच झगड़ा हुआ तो पत्नी ने फोन कर अपने मायके वालों को बुला लिया जिन्होंने घर में घुसकर पहले पति को बाथरूम में ले जाकर पीटा और फिर बीच-बचाव करने आई 70 वर्षीय सास को कमरे में बंद कर बेरहमी से मारा। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर कई आरोपियों को हिरासत में लिया है।
ये था विवाद
मामला उधमसिंह नगर जिले के दिनेशपुर क्षेत्र का है। मृतका संध्या शाह (70) के बेटे सोनू शाह ने बताया कि उनकी बेटी की तबीयत खराब थी। वे उसे डॉक्टर के पास ले गए और दवा दिलाकर लौटे। जब वे सब्जी लेकर घर पहुंचे तो बच्ची रो रही थी और पत्नी सुरभी अपने बुटीक के काम में व्यस्त थी। सोनू के मुताबिक, उन्होंने पत्नी से बच्ची की देखभाल करने को कहा, जिस पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि सुरभी ने डंडे से सोनू पर हमला किया। पड़ोसियों ने बीच-बचाव कराया, जिसके बाद सोनू अपनी मां के पास जाकर सो गए।
आधी रात को हमला
सोनू का आरोप है कि सुरभी ने रात को काशीपुर फोन कर अपने मायके वालों को बुला लिया। रात करीब 12 बजे सोनू की सास, साला, साली और अन्य लोग घर पहुंचे।
हमलावरों ने सोनू को बाथरूम में ले जाकर बुरी तरह पीटा। जब उनकी मां संध्या शाह बचाने आईं, तो आरोपियों ने उन्हें एक कमरे में ले जाकर दरवाजा बंद कर दिया। परिजनों का आरोप है कि कमरे के अंदर उनके साथ इतनी मारपीट की गई कि अस्पताल ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में
पुलिस क्षेत्राधिकारी डीआर वर्मा फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने अभियुक्त पक्ष के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में हत्या, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

